कांग्रेस के राज में 'आलू' खेतों से नहीं फैक्ट्रियों से निकलता है : पीएम मोदी

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात चुनाव में दूसरे चरण का प्रचार करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पाटन पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए एक बार फिर "सोने की चम्मच" पर बात करते हुए कांग्रेस पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर घेरा। पीएम ने कहा कि सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेसी नेता क्या जानें कि गरीबी होती क्या है।
रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "हम किसानों के लिए उनके बीच में जाकर कृषि महोत्सव करते हैं, हम अमीरों की मदद नहीं करते। दुख इस बात का है कि कांग्रेस नेता जो सोने की चम्मच के साथ पैदा हुए वे गरीबी कभी नहीं समझेंगे। ना ही उन्हें कृषि की समझ है। पीएम ने कहा कि गर्मियों के दौरान मैं पैरंट्स के पास जाता हूं और उनसे अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील करता हूं। वे क्या अंबानी के बच्चे हैं? नहीं, वे गरीबों के बच्चे हैं।
कृषि और किसान के बारे में बात करते हुए पीएम ने कहा कि हम किसानों किसानों का दर्द जानते हैं। हमारे किसान भाई कड़ी मेहनत करके आलू उगाते हैं। अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो फिर इसकी कोई जरूरत नहीं रह जाएगी, क्योंकि उनके नेता आलू को फैक्ट्री में उगाने की बात कहेंगे। कृषि को लेकर कांग्रेस की बेसिक जानकारी शून्य है।" गुजरात बाढ़ पर मोदी ने कहा, "जब इस इलाके में बाढ़ आई थी, तब मुख्यमंत्री, पूर्व उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री यहां पर आए और लोगों के साथ खड़े रहे। मैंने स्वयं यहां आकर हालात का जायजा लिया। लेकिन इसी बीच कांग्रेस के नेता और सभी विधायक रिज़ॉर्ट में मजे उड़ा रहे थे।"
पीएम मोदी ने राहुल गांधी को दी बधाई
सोमवार को कांग्रेस पार्टी की कमान पूरी तरह से राहुल गांधी के पास आने की घोषणा की गई। उन्हें निर्विरोध रूप से पार्टी अध्यक्ष चुन लिया गया है। राहुल 16 दिसंबर को आधिकारिक रूप से कांग्रेस के अध्यक्ष नियुक्त होंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके राहुल गांधी को कांग्रेस पार्टी का नया अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं राहुल जी को कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। एक सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं।
I congratulate Rahul Ji on his election as Congress President. My best wishes for a fruitful tenure. @OfficeOfRG
— Narendra Modi (@narendramodi) December 11, 2017
Created On :   11 Dec 2017 8:15 PM IST