मोदी बोले- राजीव गांधी ने आईएनएस विराट का उपयोग निजी टैक्सी की तरह किया

Prime Minister Narendra Modi election rally in Delhi
मोदी बोले- राजीव गांधी ने आईएनएस विराट का उपयोग निजी टैक्सी की तरह किया
मोदी बोले- राजीव गांधी ने आईएनएस विराट का उपयोग निजी टैक्सी की तरह किया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने हरियाणा में जनसभा को संबोधित करने के बाद दिल्ली के ऐतिहासक रामलीला मैदान में जनसभा की। इस दौरान पीएम ने पूर्व पीएम राजीव गांधी का नाम लेकर कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधा। पीएम ने कहा कांग्रेस के नामदार परिवार ने आईएनएस विराट का व्यक्तिगत टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया। ये बात तब की है जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और10 दिन की छुट्टियां मनाने निकले थे।

राजीव गांधी ने युद्धपोत का टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया
पीएम ने कहा, देश की रक्षा करने वालों को अपनी जागीर कौन समझता रहा है। ये भी मैं आज दिल्ली की धरती से उन लोगों की आंख में आंख मिलाकर देश और दिल्ली की जनता को बताना चाहता हूं। क्या आपने सुना है कि कोई अपने परिवार के साथ युद्धपोत से छुट्टियां मनाने जाये? आप इस सवाल से हैरान मत होइये, ये हुआ है और हमारे ही देश में हुआ है। कांग्रेस के नामदार परिवार ने आईएनएस विराट का व्यक्तिगत टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया, उसका अपमान किया था। ये बात तब की है जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और10 दिन की छुट्टियां मनाने निकले थे।

राजीव गांधी के साथ छुट्टी मनाने वालों मे, उनकी ससुराल वाले यानि इटली वाले भी शामिल थे। सवाल ये कि क्या विदेशियों को भारत के वॉरशिप पर ले जाकर तब देश की सुरक्षा से खिलवाड़ नहीं किया गया था? या सिर्फ इसलिए क्योंकि वो राजीव गांधी की ससुराल के लोग थे। जब एक परिवार ही सर्वोच्च हो जाता है, तब देश की सुरक्षा दांव पर लग ही जाती है। जब एक परिवार ही सर्वोच्च हो जाता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की चिंता भी नहीं रह जाती।

 

 

ये लोग देश बदलने आए थे लेकिन खुद ही बदल गए
पीएम ने कहा भारत में चार अलग-अलग तरह की राजीतिक परम्पराएं रही हैं। नामपंथी, वामपंथी, दाम-दमन पंथी और चौथा- विकास पंथी। दिल्ली देश का इकलौता राज्य है जिसने पॉलिटिकल कल्चर का एक पांचवां मॉडल भी देखा। ये है नाकाम पंथी। नाकाम पंथी यानि जो दिल्ली के विकास से जुड़े हर काम को ना कहते हैं औऱ जो काम करने की कोशिश भी करते हैं, उसमें नाकाम रहते हैं। इन नाकामपंथियों ने, भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़े आंदोलन को नाकाम किया। देश के सामान्य मानवी की छवि को, आम आदमी की छवि को बदनाम किया। करोड़ों युवाओं के विश्वास और भरोसे को चकनाचूर किया। इन्होंने देश में नई राजनीति के प्रयासों को भी नामाम किया है। ये लोग देश बदलने आए थे लेकिन खुद ही बदल गए।

ये लोग नई व्यवस्था देने आए थे, लेकिन खुद ही अव्यवस्था-अराजकता का दूसरा नाम बन गए। इन लोगों ने पहले हर किसी को अनाप-शनाप कहा और फिर घुटनों के बल चलकर माफी मांग ली। इन लोगों ने अपनी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के लिए हर बात से यू-टर्न लेने का काम किया। देश की हर संवैधानिक संस्था, हर पद को गाली देकर इन्होंने अपने कुसंस्कार प्रकट किए। पंजाब विरोधियों और खालिस्तान समर्थकों को इन्होंने ताकत दी। यहां तक की विदेश जाकर, देश विरोधी ताकतों से भी संपर्क करने, संपर्क रखने में इन्होंने संकोच नहीं किया।

दिल्ली में केंद्र सरकार और राज्य सरकार, दोनों के अस्पताल हैं। केंद्र सरकार के अस्पतालों में आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को हर साल 5 लाख रुपए का इलाज सुनिश्चित हुआ है। लेकिन ये सुविधा राज्य सरकार के अस्पताल में गरीब को नहीं मिल रही। क्योंकि दिल्ली में नाकामपंथी राज्य सरकार के तहत आने वाले अस्पतालों में आयुष्मान भारत को लागू नहीं किया गया।

GST ने देश में टैक्स का जाल खत्म किया
पीएम ने कहा, GST ने देश में टैक्स का जाल खत्म किया है, GST को इस तरह डिज़ाइन किया गया है जिससे देश को इंस्पेक्टर राज से मुक्ति मिले। हमने नई कंपनी की प्रक्रिया आसान की है। पहले नई कंपनी खोलने में 7-15 दिन लग जाते थे।अब 24 घंटे में ये काम पूरा हो जाता है। मोबाइल का बिल पहले की अपेक्षा बहुत सस्ता हुआ है। हमने मिडिल क्लास का सम्मान करते हुए 5 लाख रुपये तक की टैक्सेबल इनकम को टैक्स के दायरे से बाहर कर दिया है। मिडिल क्लास को अपने घर के लिए अब प्रधानमंत्री आवास योजना से सहायता मिल रही है, उसकी 5-6 लाख रुपए तक की बचत हो रही है।
 

Created On :   8 May 2019 3:12 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story