निर्भया का भाई बना पायलट, मां ने बताया- राहुल गांधी की देन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 16 दिसंबर 2012 को गैंगरेप की शिकार हुई निर्भया मौत के बाद पूरा परिवार शोक में डूबा हुआ था, लेकिन अब उनके घर में भी खुशियों ने दस्तक दी है। दरअसल, निर्भया का भाई पेशेवर पायलट बन गया है। इसमें उसकी मदद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने की है।
निर्भया की मां आशा देवी ने एक चैनल से बातचीत में बताया कि राहुल गांधी का इसमें अहम योगदान है। उन्होंने पढ़ाई-लिखाई का पूरा खर्चा उठाया और लगातार संपर्क में भी रहे। उन्होंने उसे हर वक़्त हर कदम प्रेरित किया। जब निर्भया के भाई ने डिफेंस फोर्स ज्वॉइन करने की बात कही तो राहुल ने उसे पायलट की ट्रेनिंग लेने का सुझाव दिया।
आशा देवी के मुताबिक, राहुल उनके बेटे से फोन पर बातें भी किया करते थे और उसे सिखाते थे कि कभी हिम्मत नहीं हारनी चाहिए।" इस वक्त निर्भया का भाई गुड़गांव में ट्रेनिंग के आखिरी चरण में है और जल्द ही वो कमर्शियल एयर प्लेन उड़ाने लगेंगे।
दिल्ली में 16 दिसंबर की उस रात निर्भया फिल्म देखने के बाद अपने पुरुष मित्र के साथ एक बस में सवार होकर मुनिरका से द्वारका जा रही थी। बस में सवार होने के बाद उसने देखा कि बस में केवल पांच से सात यात्री सवार थे। अचानक वे सभी निर्भया के साथ छेड़छाड़ करने लगे। बस में उनके अलावा कोई और यात्री नहीं था। निर्भया के मित्र ने इस बात का विरोध किया। तो उसे पीटा गया। और निर्भय के साथ गैंगरेप को अंजाम दिया गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। तब निर्भया का भाई 12वीं में पढ़ रहा था। साल 2013 में उसने राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय उड़ान एकेडमी में एडमिशन ले लिया था। निर्भया का सबसे छोटा भाई पुणे से इंजीनियरिंग कर रहा है।
Created On :   2 Nov 2017 8:42 PM IST