जन आक्रोश रैली से चुनावी तैयारी का आगाज करेंगे राहुल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रामलीला मैदान में रविवार को होने वाली कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में शिरकत करने के लिए विभिन्न प्रदेशों से कार्यकर्त्ताओं का दिल्ली पहुंचना शुरू हो गया है। चूंकि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद दिल्ली में यह उनकी पहली रैली है, लिहाजा पार्टी का तंत्र इस रैली को हर हाल में कामयाब बनाने में जुटा है।
तैयारियां पूर्ण
माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस रैली से वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव की तैयारी का आगाज करेंगे। इस रैली को राहुल गांधी, पार्टी की शीर्ष नेता सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह सहित पार्टी के दूसरे बड़े नेता संबोधित करेंगे। पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने बताया कि रैली की तैयारियां पूरी हो चुकी है। राहुल गांधी द्वारा पार्टी की कमान संभाल लेने के बाद कार्यकर्त्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल है।
उन्होने कहा कि देश भर से पहुंच रहे कार्यकर्त्ता मोदी सरकार की जनविराेधी नीतियांे के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर करेंगे। कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि जन आक्रोश रैली से एक नई क्रांति की शुरूआत होगी। हालांकि कांग्रेस को इस बात की भी आशंका है कि रेल और बस से दिल्ली पहुंच रहे उनके कार्यकर्त्ताओं को रोकने की कोशिश होगी। ऐसे में इस समस्या से निपटने के लिए भी पार्टी ने अपने स्तर पर तैयारी की है।
राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली की रहेगी सर्वाधिक भीड़
जन आक्रोश रैली में सबसे ज्यादा भीड़ हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तरप्रदेश से पहुंचने वाली है। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि रैली के लिए दिल्ली के 40 हजार कार्यकर्त्ताओं ने आवेदन दिया है। उधर राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सचिन पायलट का दावा है कि उनके प्रदेश से लगभग 50 हजार लोग रैली में पहुंचेंगे। दिल्ली की रैली में भीड़ जुटाने में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिन्दर सिंह हुड्डा सबसे आगे रहते हैं।
चूंकि 6 माह बाद राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव है, लिहाजा यहां से टिकट के दावेदार बड़ी संख्या में लोगों को लेकर दिल्ली पहुंच रहे हैं। पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के अध्यक्ष डॉ नितीन राऊत ने कहा कि रैली में सिर्फ नागपुर से लगभग 300 लोग पहुंच रहे हैं। उन्होने बताया कि इनके रहने की व्यवस्था अंबेडकर भवन में की गई है।
Created On :   28 April 2018 7:25 PM IST