BJP के मंत्री बोले-' हमारी सरकार नहीं बना सकती राम मंदिर'

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। अयोध्या में राम मंदिर बनने को लेकर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल का बड़ा बयान आया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मंदिर के नाम पर कभी चुनाव नहीं लड़ा। हमारा ऐसा कुछ वादा भी नहीं था। सरकार राम मंदिर नहीं बना सकती। ये मामला तो कोर्ट में चल रहा है। अब कोर्ट का जो फैसला होगा सबको मानना होगा।
शुक्ल बुधवार को उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में थे। जीएसटी पर उन्होंने कहा कि विकास दर तो घटती बढती रहती है। ऐसा सभी सरकारों में हुआ है। हमारी सरकार में भी हो रहा है। शुक्ल ने कहा जीएसटी लागू हुए 3 महीने हो गए। अब देश धीरे-धीरे विकास की गति पकड़ रहा है। बहुत जल्द पूरी दुनिया भाजपा सरकार के इस फैसले का लोहा मानेगी।
वहीं फैजाबाद में उनसे डीजल-पेट्रोल को जीएसटी के दायरे में लाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी इसके लिए कोई प्लानिंग नहीं है। सरकार जीएसटी को लेकर काफी संवेदनशील है। सरकार व्यवसायी आसान ढंग चल सके इसको लेकर सभी पहलुओं पर नजर रखे हुए है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में अयोध्या के सरयू तट पर भगवान राम की 108 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित कराने का एलान किया है। अभी इसके लिए एनजीटी की अनुमति मिलना बाकी है। जैसे अनुमति मिलेगी इस पर काम शुरू हो जाएगा।
Created On :   11 Oct 2017 9:07 PM IST