नारायण राणे को नजरअंदाज कर रही है शिवसेना

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कांग्रेस छोड़ नई पार्टी बनाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे पर शिवसेना प्रतिक्रिया से बचती दिखाई दे रही है। शिवसेना सांसद विनायक राऊत ने कहा कि नारायण राणे द्वारा नई पार्टी बनाने पर प्रतिक्रिया देने की जरूरत नहीं है। हम उन्हें महत्व नहीं देना चाहते। राऊत ने इतना जरूर कहा कि पिता नई पार्टी बना रहे हैं और बेटा दूसरी पार्टी में है। एक ही परिवार में दो दल हो गए हैं।
राऊत ने कहा कि राणे को शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है। राणे का जहाज डूब गया है। इसलिए उन्हें शिवसेना को सलाह देने की जरूरत नहीं है। आगे कहा कि भाजपा की आलोचना करने वाले राणे अब उसी पार्टी की पैरवी कर रहे हैं। राऊत ने कहा कि राणे अपने निजी स्वार्थ के कारण अंधे हो गए हैं। वे बुलेट ट्रेन का समर्थन कर रहे हैं, लेकिन वे मुंबई के स्टेशन पर हुई भगदड़ में 23 लोगों की मौत की घटना को भूल गए। बता दें कि रविवार को अपने नए दल ‘महाराष्ट्र स्वाभिमान पक्ष’ के गठन की घोषणा के दौरान राणे ने उद्धव ठाकरे पर जमकर निशाना साधा था।
Created On :   3 Oct 2017 5:46 PM IST