रेप पीड़िता का पीएम मोदी को खत, न्याय के लिए लगाई गुहार

डिजिटल डेस्क, सोनीपत। देश में स्कूली बच्चों के साथ शोषण की घटना रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। अभी एक ताजा मामला हरियाणा के गोहना से सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल की छात्रा ने स्कूल के दो कर्मचारियों पर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। जिसके बाद पुलिस ने दोनों कर्मचारियों सुखबीर और कर्मबीर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यह विरोधियों की साजिश भी हो सकती है।
गौरतलब है कि छात्रा ने पत्र की एक-एक कॉपी सोनीपत के एसपी और सदर थाने के एसएचओ के साथ स्कूल के निदेशक को भी भेजी हैं। पत्र में निदेशक से आग्रह किया गया है कि यदि उनको पत्र पहले मिल जाए, तो दोनों कर्मचारियों को पुलिस को सौंप दिया जाए। छात्रा ने पत्र में लिखा है कि दोनों उक्त कर्मचारियों ने पहले उसे अश्लील वीडियो दिखाई फिर उसके साथ यौन शोषण किया। इतना ही नहीं दोनों आरोपी स्कूल में भी छेड़छाड़ करते थे। वह दोनो उसे गोहाना के एक होटल में ले गए थे। दोनों ने उसे अपनी दोस्त को भी बुलाने के लिए भी कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया।
पत्र में लिखा है कि वह सुसाइड करना चाहती थी, पर उसकी दोस्त ने उसका हौसला बढ़ाया। ग्रामीण क्षेत्र की होने के कारण उसने अपने घर पर भी कुछ नहीं बताया है। उसे डर है कि कहीं उसका भाई उसे मार ना डाले। उसने पत्र के अंत में लिखा है कि निदेशक मैडम पत्र मिलने पर दोनों कर्मचारियों को पुलिस में दे देना। अगर कोई एक्शन नहीं हुआ तो मैं स्कूल में आत्महत्या कर लूंगी, जिसकी जिम्मेदार निदेशक होगी।
शहर थाना प्रभारी कुलदीप देशवाल ने बताया कि पत्र के आधार पर स्कूल कर्मचारी सुखबीर व कर्मबीर के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्लास इंचार्ज से भी की शिकायत
छात्रा ने पत्र में लिखा है कि उसने घटना के संबंध में क्लास इंचार्ज से बात की थी। क्लास इंचार्ज ने प्राचार्य से बातचीत करने को कहा। कई बार पूछने पर इंचार्ज ने कहा कि प्राचार्य बोले, ये तो चलता है।

Created On :   24 Sept 2017 12:32 PM IST