श्रीलंकाई नौसेना ने गिरफ्तार किए 8 भारतीय मछुआरे

डिजिटल डेस्क, रामेश्वरम। श्रीलंका की नौसेना ने रविवार को भारत के आठ मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया। उन पर कथित रूप से आरोप है कि वो श्रीलंका के जलक्षेत्र में नेदुनतिवु के करीब मछली पकड़ रहे थे। इसलिए श्रीलंका की नौसेना ने उन्हें गिरफ्तार किया। बता दें कि बीते गुरुवार को भी श्रीलंकाई नौसेना ने इसी द्वीप के करीब 13 अन्य भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार किया था।
इस मामले पर तमिलनाडु के मत्स्य विभाग में सहायक निदेशक गंगाधर के मुताबिक सभी मछुआरे नागपट्टनम जिले के अकरापेट्टी के रहने वाले हैं। वे अपनी नौका के साथ समुद्र में गए थे। जहां से उन्हें गिरफ्तार कर पेरुनथुरई ले जाया गया है। इस मसले पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानिस्वामी ने केंद्र सरकार से समुद्र में भारतीय मछुआरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया था। उन्होंने श्रीलंका द्वारा गिरफ्तार किए गए मछुआरों और उनकी मछली पकड़ने वाली नौकाओं को छुड़ाने की अपील भी की थी।
उधर दूसरी ओर रविवार के दिन में खबर आई थी कि श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ने के विभिन्न मामलों में श्रीलंका की नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए गए करीब 80 भारतीय मछुआरों को आजाद कर दिया गया है। इसमें चार वैसे मछुआरे शामिल हैं जिन्हें उत्तरी समुद्र में 31 अगस्त को डूबते हुए श्रीलंकाई नेवी द्वारा बचाया गया था।
द कोलंबो पेज की खबर के मुताबिक श्रीलंकाई नौसेना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के पास भारतीय तट रक्षक अधिकारियों को मछुआरे सौंप दिए जहां से उन्हें तमिलनाडु ले जाया जाएगा।
रिहा किए गए मछुआरों में 48 पुडुकोट्टाई जिले, 24 रामानाथपुरम और 8 नागापट्टिनम जिले के हैं। श्रीलंकाई जलक्षेत्र में मछली पकड़ते हुए हमेशा भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया जाता है।
श्रीलंकाई नौसेना और तटरक्षक बल ने श्रीलंका के समुद्री क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के लिए अलग-अलग मौकों पर 76 भारतीय मछुआरों को पकड़ा था। खबर के मुताबिक, भारतीय मछुआरों को कंकेसनथुरई में अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पर भारतीय तटरक्षक बल के जहाज ‘सारंग’ में भेज दिया गया है।
Created On :   5 Nov 2017 11:04 PM IST