भाजपा अध्यक्ष चुनने के लिए पद मैराथन बैठक शुरू

The post marathon meeting started to elect BJP president
भाजपा अध्यक्ष चुनने के लिए पद मैराथन बैठक शुरू
भाजपा अध्यक्ष चुनने के लिए पद मैराथन बैठक शुरू
हाईलाइट
  • भाजपा अध्यक्ष चुनने के लिए पद मैराथन बैठक शुरू

नई दिल्ली, 19 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव सोमवार को होना है। इसकी तैयारी को लेकर भाजपा मुख्यालय में मैराथन बैठकों का दौर शुरू हो गया है। इस पद पर कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा की ताजपोशी तय है।

सूत्रों के मुताबिक, बैठकों में संगठन चुनाव पर चर्चा हो रही है। बैठक में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा उपमुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया है। बैठक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के साथ ही केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, थावरचंद गहलोत और पीयूष गोयल, संगठन महामंत्री वी.एल. संतोष और राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष भी शामिल हैं।

बैठक में अध्यक्ष पद की चयन प्रकिया पर चर्चा हो रही है। मसलन, ताजपोशी के लिए प्रस्ताव कौन-कौन करेगा और किन-किन राज्यों से प्रस्ताव आमंत्रित किया जाए।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों के अलावा कई प्रदेशों के प्रदेश अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के प्रस्तावक होंगे। पृरी प्रकिया के दौरान मोदी मौजूद रह सकते हैं।

सभी केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा पदाधिकारियों को भाजपा मुख्यालय में सोमवार सुबह 10 बजे उपस्थित रहने को कहा गया है। नए अध्यक्ष की घोषणा दोपहर 3 बजे होगी। घोषणा के साथ ही प्रधानमंत्री का अभिवादन भाषण होगा।

नए अध्यक्ष की घोषणा के बाद नड्डा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। बाद में संगठन के नेताओं के साथ भी बैठक होगी। अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिल्ली में फरवरी के तीसरे या चौथे सप्ताह में राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाकर अध्यक्ष पद पर नड्डा के निर्वाचन का अनुमोदन कर दिया जाएगा।

Created On :   19 Jan 2020 3:01 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story