मोदी सरकार-2 की पहली वर्षगांठ पर उप्र भाजपा करेगी 6 वर्चुअल रैलियां

UP BJP will conduct 6 virtual rallies on the first anniversary of Modi government-2
मोदी सरकार-2 की पहली वर्षगांठ पर उप्र भाजपा करेगी 6 वर्चुअल रैलियां
मोदी सरकार-2 की पहली वर्षगांठ पर उप्र भाजपा करेगी 6 वर्चुअल रैलियां

लखनऊ, 27 मई (आईएएनएस)। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश भाजपा 6 वर्चुअल रैलियां अयोजित करने जा रही है। कोरोना संकट के बीच इस अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने और इसकी योजना व तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल की मौजूदगी में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक बुधवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हुई।

स्वतंत्रदेव सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर पार्टी कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। पार्टी द्वारा 30 मई से शुरू किए जा रहे अभियान में उत्तर प्रदेश में 6 वर्चुअल रैलियां आयोजित की जाएंगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि अभियान के तहत प्रदेश में क्षेत्रवार 6 वर्चुअल रैलियां होंगी। इन रैलियों में समाज के विभिन्न वर्ग समूह के लोग सम्मिलित होंगे। साथ ही पार्टी के सभी मोर्चा भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संपर्क संवाद का अभियान चलाएंगे।

उन्होंने कहा कि कोरोना संकट को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने तय किया है कि इस पूरे अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता सभी निर्देशों का पालन करते हुए शारीरिक दूरी व फेसकवर पहन सभी नियमों का पालन करते हुए अभियान चलाएंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पूरे अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ता अनिवार्य रूप से लॉकडाउन के नियमों का पालन करें। साथ ही कंटेनमेंट जोन और क्वारंटाइन सेंटर और सार्वजनिक स्थानों पर इस अभियान को चलाने से बचना है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा लिखित पत्र, जिसमें आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, विश्व कल्याण में भारत की भूमिका एवं कोविड-19 के फैलने से बचाव के लिए सावधानियां एवं स्वस्थ रहने के लिए अच्छी आदतों के संकल्प का उल्लेख है, को व्यक्तिगत संपर्क के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाना है। घर-घर संपर्क के दौरान केवल 2 कार्यकर्ता ही रहेंगे और वे दो गज की शारीरिक दूरी रखते हुए व मास्क का उपयोग करते हुए कोरोना संक्रमण से बचाव के सभी उपायों का पालन करेंगे।

उन्होंने बताया कि डिजिटल संपर्क के तहत प्रत्येक बूथ पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाएगा। इन व्हाट्सएप ग्रुपों में समाज के प्रमुख, प्रतिष्ठित व विभिन्न जाति व धर्म के लोगों को जोड़ते हुए उन तक केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कोविड-19 से बचाव एवं राहत के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों से जुड़े विषयों को पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि धारा-370 की समाप्ति, एक साथ तीन तलाक के खिलाफ कानून, अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होना, संशोधित नागरिकता कानून से शरणार्थियों को अधिकार प्रदान करना जैसे निर्णयों ने भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक दृष्टि से राष्ट्रीय एकात्मता को और मजबूत किया है।

वहीं, दूसरी ओर कोरोना संकट के बीच मोदी के नेतृत्व में भारत ने महामारी से लड़ने में महत्वर्पूण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी ने लाखों गरीबों, मजदूरों, जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य किए हैं। इसके अलावा मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की शुरुआत करते हुए 20 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज घोषित किया।

स्वतंत्रदेव ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार ने कोरोना संक्रमण के कारण आई वैश्विक आपदा के समय महाअभियान चलाकर उत्तर प्रदेश में कोई भी भूखा न सोए इस सोच के साथ हर गरीब और जरूरतमंद को भोजन-राशन उपलब्ध कराने का कार्य किया है।

Created On :   27 May 2020 5:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story