पहली बार शामिल चारों नई नगर निगमों पर BJP का कब्जा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तरप्रदेश नगर निकाय चुनाव के नतीजे शुक्रवार को घोषित किए गए। यूपी में सत्ताधारी बीजेपी ने बड़ा कमाल दिखाते हुए 16 में से 14 नगर निगमों पर कब्जा कर लिया है। इस बार प्रदेश में 4 नई नगर निगमों को भी शामिल किया गया था, जिसमें अयोध्या, मथुरा, सहारनपुर और फिरोजाबाद शामिल हैं। इन सभी नई नगर निगमों पर भी बीजेपी ने जीत दर्ज की है। उत्तरप्रदेश में योगी आदित्यनाथ के सीएम बनने के बाद ये पहला चुनाव था और इसे सीएम योगी की "परीक्षा" के तौर पर देखा जा रहा था, जिसमें योगी "टॉपर" रहे हैं। आइए जानते हैं सभी नई नगर निगमों के नतीजे..
अयोध्या :
भगवान राम की नगरी मानी जाने वाली अयोध्या को पहली बार नगर निगम में शामिल किया गया था, जिसमें बीजेपी ने जीत दर्ज की है। बीजेपी की तरफ से ऋषिकेश उपाध्याय यहां जीते हैं और वो अयोध्या के पहले मेयर होंगे। वहीं इस सीट पर समाजवादी पार्टी ने ट्रांसजेंडर कैंडिडेट गुलशन बिंदू को मैदान में उतारा था। गुलशन दूसरे नंबर पर रहीं हैं।
मथुरा :
भगवान राम की नगरी के अलावा श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा को भी पहली बार नगर निगम में शामिल किया गया था। मथुरा में बीजेपी कैंडिडेट मुकेश आर्य ने 1,03,021 वोटों से जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस कैंडिडेट मोहन सिंह को 80,896 वोट मिले और वो दूसरे नंबर पर रहे। वहीं इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) तीसरे नंबर पर रही। बता दें कि अब इस इलाके की जिला पंचायत, विधानसभा और लोकसभा सीट पर भी बीजेपी का कब्जा है।
सहारनपुर :
ईस्टर्न यूपी की सहारनपुर सीट को भी नगर निगम में पहली बार जगह दी गई। इस सीट से बीजेपी के संजय वालिया ने बीएसपी के हाजी फजलुर्रहमान को हराया है। वालिया सहारनपुर के पहले मेयर होंगे। शुरुआत में बीएसपी कैंडिडेट फजलुर्रहमान ने वालिया को कड़ी टक्कर दी, लेकिन काउंटिंग खत्म होते तक बीजेपी आगे पहुंच गई और जीत दर्ज की।
फिरोजाबाद :
4 नई नगर निगमों में फिरोजाबाद को भी जगह दी गई है। फिरोजाबाद को सपा का गढ़ माना जाता है, लेकिन यहां पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। फिरोजाबाद सीट से बीजेपी की नूतन राठौर को जीत मिली है। जबकि असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM दूसरे नंबर पर रही। खास बात ये रही कि जो सीट सपा का गढ़ मानी जाती थी, वहां पर सपा तीसरे नंबर पर रही है। बता दें कि फिरोजाबाद से सपा नेता रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव लोकसभा सांसद हैं।
ये रहे 16 नगर निगमों के नए मेयर :
- आगरा - नवीन जैन (बीजेपी)
- अलीगढ़ - मोहम्मद फुरकान (बीएसपी)
- वाराणसी - मृदुला जायसवाल (बीजेपी)
- गोरखपुर - सीताराम जायसवाल (बीजेपी)
- कानपुर - प्रमिला पांडे (बीजेपी)
- फिरोजाबाद - नूतन राठौर (बीजेपी)
- गाजियाबाद - आशा शर्मा (बीजेपी)
- लखनऊ - संयुक्ता भाटिया (बीजेपी)
- सहारनपुर - संजीव वालिया (बीजेपी)
- मथुरा - मुकेश आर्य बंधु (बीजेपी)
- अयोध्या - ऋषिकेश उपाध्याय (बीजेपी)
- इलाहाबाद - अभिलाषा गुप्ता (बीजेपी)
- मुरादाबाद - विनोद अग्रवाल (बीजेपी)
- झांसी - रामतीर्थ सिंघल (बीजेपी)
- बरेली - उमेश गौतम (बीजेपी)
- मेरठ - सुनीता वर्मा (बीएसपी)
Created On :   2 Dec 2017 8:14 AM IST