चोटी कटने से परेशान जम्मू कश्मीर की महिलाएं, पुलिस भी हैरान

डिजिटल डेस्क,श्रीनगर। आतंकवाद की मार झेल रहे जम्मू-कश्मीर के लोगों की जिंदगी में वैसे ही बहुत परेशानियां है।अभी तक तो वहां के लोगों को आतंकवादियों का डर था लेकिन अब महिलाओं को चोटी कटने का डर भी सता रहा है। दरअसल देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं की चोटी कटने की खबरें काफी दिनों से सामने आ रही थीं। लेकिन अब कश्मीर घाटी में भी चोटियां कटने की जानकारी मिल रही है। जम्मू-कश्मीर पुलिस इन घटनाओं से इतनी परेशान हो गई है कि चोटी काटने वाले पर इनाम घोषित कर दिया गया है।
चोटीकटवा को पकड़वाने पर 3 लाख की इनाम
जम्मू कश्मीर पुलिस ने शुक्रवार को घोषणा की, कि श्रीनगर घाटी में चोटी काटने की घटनाओं में शामिल लोगों को पकड़वाने वाले को तीन लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने कहा कि घाटी के हर जिले में विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया गया है। उन्हें सतर्क रहने और ऐसी घटनाएं होने पर तेजी से कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।
हर जिले के लिए हेल्पलाइन नंबर
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "हर जिले में हेल्पलाइन नंबर दिए गए हैं ताकि लोग इन नंबरों पर चोटी काटने की घटनाओं के बारे में विश्वसनीय जानकारी दे सकें"।
गौरतलब है कि शुरू में कुलगाम जिले से चोटी कटने की खबर मिली थी। लेकिन बाद में अन्य जिलों से भी ऐसी घटनाओं की खबरें आने लगीं। इन रहस्यमय घटनाओं में जिन महिलाओं पर हमला हुआ, वे कुछ समय के लिए बेहोश हो गईं। जब उन्हें होश आया, तो उन्होंने पाया कि उनके बाल कटे हुए हैं। इस घटना के कारण लोगों के मन में डर बैठ गया जबकि अलग-जगहों पर कुछ लोग इस घटना के बारे में गलत खबरें भी फैला रहे हैं।
गुरुवार को गंदेरबल जिले के रामपोरा इलाके में भारी हंगामा हो गया, जहां एक छोटी लड़की ने आरोप लगाया कि उसकी चोटी किसी ने काट दी है। बड़ी संख्या में लोगों ने इकट्ठा होकर इस घटना के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि लड़की को डॉक्टरों को दिखाया गया। तब डॉक्टरों ने कहा कि उसकी चोटी नहीं काटी गई है। दक्षिण कश्मीर के लोगों ने सुरक्षा बलों पर आरोप लगाया है कि वे लोगों को डराने के लिए इस मामले में कथित अपराधियों को बचा रहे हैं।
Created On :   30 Sept 2017 9:13 AM IST