बाढ़ में बहा बद्रीनाथ नेशनल हाईवे का हिस्सा, हिमाचल में बाढ़ बनी मौत की वजह, इन प्रदेशों में भी भारी बारिश के आसार

बाढ़ में बहा बद्रीनाथ नेशनल हाईवे का हिस्सा, हिमाचल में बाढ़ बनी मौत की वजह, इन प्रदेशों में भी भारी बारिश के आसार
  • हिमाचल में बाढ़ से हुई 158 लोगों की मौत
  • बाढ़ में बहा बद्रीनाथ हाईवे का हिस्सा
  • राजधानी में बने हुए हैं बाढ़ जैसे हालात

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश के उत्तरी क्षेत्रों के राज्यों में इन दिनों मानसून जमकर बरस रहा है। भारी बारिश की वजह से इन राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए है। जबकि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी की वजह से बादल फटने और भूस्खलन जैसी घटनाएं लोगों के लिए बड़ी परेशानियां उत्पन्न कर रही हैं।

भारी बारिश बनीं परेशानी का कारण

जुलाई महीने के पहले सप्ताह में शांत रहने के बाद से मानसून जमकर बरस रहा है। राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। जबकि हिमाचल प्रदेश में तो बाढ़ लोगों की मौत का कारण बना हुआ है क्योंकि बाढ़ की वजह से प्रदेश में अब तक 158 लोगों की मौत हो चुकी है।

बाढ़ में बहा बद्रीनाथ नेशनल हाईवे

वहीं दूसरी ओर जहां पहले उत्तराखंड में भूस्खलन की कई घटनाएं सामने आई, जिसकी वजह से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे कई-कई घंटों तक बंद रहा था। वहीं अब भारी बारिश से आई बाढ़ में हाईवे का करीब 200 मीटर लंबा हिस्सा बह गया है, जिससे अलग-अलग स्थानों पर एक हजार से अधिक तीर्थयात्री फंसे हुए हैं।

आज भी होगी जमकर बारिश

पिछले पूरे हफ्ते की तरह आज भी देशभर में बादल जमकर बरसने वाले हैं। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र, गोवा, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश होने वाली है। जबकि कई राज्यों में बादल चमकने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश का मौसम रहेगा साफ

इन दिनों मध्यप्रदेश में बारिश के चार सिस्टम एक्टिव हैं। हालांकि फिर भी प्रदेश के सभी जिलों में बारिश नहीं हो रही है। साफ मौसम का यह दौर अगले तीन दिनों तक जारी रह सकता है। लेकिन प्रदेश के हरदा, बुरहानपुर और देवास जिले में आज तेज बारिश होने की संभावना है। जबकि अन्य जिलों में अगला सिस्टम एक्टिव होने के बाद बरसात की वापसी होगी।

Created On :   25 July 2023 8:31 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story