लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, राजधानी दिल्ली समेत इन राज्यों में जल्द होगी मानसून की एंट्री, IMD का अलर्ट

लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, राजधानी दिल्ली समेत इन राज्यों में जल्द होगी मानसून की एंट्री, IMD का अलर्ट
  • राजधानी दिल्ली में 29 जून तक देगा दस्तक
  • एमपी में बिपरजॉय के असर से भीगेंगे शहडोल और रीवा संभाग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में मानसून एंट्री कर चुका है। वहीं कई अन्य राज्यों में अभी इसका दस्तक देना बाकी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 22 जून को मानसून प्रायद्वीपीय और पूर्वी भारत की ओर आगे बढ़ रहा है। विभाग का कहना है कि मानसून के जून महीने के अंतिम दिनों में देश के बाकी हिस्सों में पहुंचने की संभावना है।

बात करें राजधानी दिल्ली की तो मौसम विभाग के अनुसार यहां आने वाले 4 -5 दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है। विभाग के अनुसार, आगामी 2 से 3 दिनों में मानसून देश के दक्षिणी हिस्से से आगे बढ़कर मध्य भारत में आएगा और इसके बाद 29 जून तक इसकी एंट्री दिल्ली एनसीआर में हो जाएगी।

मौसम विभाग ने बताया कि 22 जून को मानसून आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पहुंच गया है। इसके अलावा यह उड़ीसा, बंगाल, झारखंड और बिहार की तरफ भी बढ़ रहा है। इसी के साथ यह आने वाले दो दिनों में इन राज्यों को कवर कर लेगा। वहीं एमपी, छग, यूपी और उत्तराखंड में भी जल्द ही इसकी एंट्री हो जाएगी। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जून के आखिरी सप्ताह के दौरान देश के मध्य भाग में तेज बारिश होगी। बता दें कि अभी तक देश के पूर्वोत्तर राज्यों को छोड़कर अन्य राज्यों में मानसून की रफ्तार धीमी ही थी।

वहीं मानसून आगमन से भीषण गर्मी की मार झेल रहे राज्यों खासकर बिहार, झारखंड और यूपी के तापमान में कमी आएगी। जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी। बता दें कि बीते दिनों बिहार, यूपी और झारखंड में लू से कई लोगों की मौत हो गई थी।

बिपरजॉय के असर से भीगेंगे एमपी के ये जिले

बीते दिनों चंबल-ग्वालियर संभाग में भारी बारिश कराने वाला बिपरजॉय तूफान अब मध्यप्रदेश के उत्तर-पूर्वी भाग की ओर शिफ्ट हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस महातूफान के असर से रीवा और शहडोल संभाग में तेज बारिश होगी। विभाग के मुताबिक, इस दौरान आज यानी 23 जून को इन संभागों के 8 जिलों में 3 इंच तक बारिश होने के आसार हैं।

वहीं अगर प्रदेश में मानसून की एंट्री की बात करें तो मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले 2 से 3 दिनों में प्रदेश में मानसून का प्रवेश हो जाएगा। प्रदेश में इसकी एंट्री पूर्वी हिस्से से होगी। यह पूर्वी मध्यप्रदेश के जिले शहडोल, अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, उमरिया, मंडला से प्रवेश करेगा।

वहीं बात करें पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में हुई बारिश की तो, महातूफान बिपरजॉय के प्रभाव से निवाड़ी जिले में 22 जून को भारी बारिश हुई। यहां केवल 3 घंटे में ही 8 इ्ंच बारिश हो गई। इतनी ज्यादा बारिश होने की वजह से जिले में जुलाई माह में होने वाली बारिश का कोटा पूरा हो गया। इसके अलावा हरदा जिले में 3 इंच, बालाघाट में 1 इंच, दतिया में 2 इंच, इंदौर के महू में 3 इंच और छतरपुर के लवकुश नगर में डेढ़ इंच बारिश हुई।

Created On :   23 Jun 2023 5:15 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story