Maharashtra Day: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-PM मोदी और अमित शाह ने दी महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं, राज्य के गौरवशाली इतिहास को भी किया याद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू-PM मोदी और अमित शाह ने दी महाराष्ट्र दिवस की शुभकामनाएं, राज्य के गौरवशाली इतिहास को भी किया याद
पीएम मोदी का मुंबई दौरा आज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने लोगों को महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही, राज्य का इतिहास भी याद किया। आपको बता दें कि, पीएम मोदी आज यानि गुरुवार (1 मई) को महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का उद्घाटन करेंगे।

प्रेसिडेंट ने क्या कहा?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मैं सभी राज्यवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। छत्रपति शिवाजी महाराज की इस धरती के लोगों में राष्ट्र-प्रेम की भावना और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने का साहस सदा विद्यमान रहा है। महात्मा फुले, सावित्री बाई फुले और महादेव गोविंद रानाडे से लेकर बाल गंगाधर तिलक, गोपालकृष्ण गोखले तथा बाबा साहब अंबेडकर जैसी महान विभूतियों ने समाज को नई दिशा दी है। महाराष्ट्र की भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मैं इस राज्य और यहां के निवासियों के सुख-समृद्धि की मंगलकामना करती हूं।"

पीएम ने दी बधाई

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा भारत के विकास में हमेशा अहम भूमिका निभाने वाले राज्य महाराष्ट्र के लोगों को महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। जब महाराष्ट्र के बारे में सोचते हैं तो इसका गौरवशाली इतिहास और लोगों का साहस हमारे दिमाग में आता है। यह राज्य प्रगति का एक मजबूत स्तंभ बना हुआ है और साथ ही अपनी जड़ों से भी जुड़ा हुआ है। राज्य की प्रगति के लिए मेरी शुभकामनाएं।"

अमित शाह ने दी शुभकामनाएं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा सांस्कृतिक पुनर्जागरण की पावन भूमि महाराष्ट्र के लोगों को महाराष्ट्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। चाहे अपने धर्म की रक्षा का संकल्प हो, लोक कला हो, कृषि संस्कृति का विकास हो या देश की आर्थिक समृद्धि हो। महाराष्ट्र ने देश के इतिहास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। महाराष्ट्र के मेरे भाई-बहन अपने अटूट प्रेम और कड़ी मेहनत के लिए प्रसिद्ध हैं। महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर मैं छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमि के लोगों को निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना करता हूं।

Created On :   1 May 2025 9:59 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story