दिवाली स्पेशल: हिमाचल के लेप्चा में पीएम मोदी ने जवानों का बढ़ाया हौसला, बोले- 'परिवार की याद हर किसी को आती है...'

हिमाचल के लेप्चा में पीएम मोदी ने जवानों का बढ़ाया हौसला, बोले- परिवार की याद हर किसी को आती है...
हिमाचल के लेप्चा में पीएम मोदी ने जवानों के साथ मनाई दिवाली

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देशभर में आज धूमधाम से दिवाली मनाई जा रही है। चारों तरफ चहल पहल देखी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर साल की तरह इस बार भी देश के जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंचे हैं। जहां आज उन्होंने भारतीय जवानों को संबोधित करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। लेप्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " कहा जाता है कि पर्व वहीं होता है जहां परिवार होता है। पर्व के दिन अपने परिवार से दूर सीमा पर तैनात रहना, यह अपने आप में कर्तव्य निष्ठा की पराकाष्ठा है। परिवार की याद हर किसी को आती है लेकिन आपके चेहरों पर उदासी नजर नहीं आ रही है। आपके उत्साह में कमी का नामोनिशान नहीं है। उत्साह से भरे हुए हैं, ऊर्जा से भरे हुए हैं क्योंकि आप जानते हैं कि 140 करोड़ देशवासियों का ये बड़ा परिवार भी आपका अपना ही है और देश इसलिए आपका कृतज्ञ है, ऋणी है।"

'अयोध्या वह है जहां भगवान राम हैं'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "ऐसा कहा जाता है कि अयोध्या वह है जहां भगवान राम हैं और मेरे लिए जहां भारतीय सेना है, जहां मेरे देश के सुरक्षा बल के जवान तैनात हैं वह स्थान किसी भी मंदिर से कम नहीं है। जहां आप हैं, वहीं मेरा त्योहार है।"

लेप्चा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज दुनिया में जिस तरह के हालात हैं, उसमें भारत से अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे अहम समय में यह बहुत जरूरी है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित रहें, देश में शांति का वातावरण बना रहे और इसमें आपकी बहुत बड़ी भूमिका है। भारत तब तक सुरक्षित है जब तक हमारी सेना अपनी सीमाओं पर हिमालय की तरह अटल और अडिग खड़ी हैं।"

इससे पहले पीएम मोदी ट्वीट किया, "हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में हमारे सुरक्षा बलों के साथ दिवाली मनाना गर्व से भरा अनुभव रहा है।" हिमाचल प्रदेश: लेप्चा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "संतोष और आनंद से भर देने वाला ये पल, मेरे लिए भी, आपके लिए और देशवासियों के लिए भी दीपावली में नया प्रकाश पहुंचाएगा, ऐसा मेरा विश्वास है। मैं सभी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देता हूं।"

हर प्रधानमंत्री जवानों के साथ मनाते हैं दिवाली!

साल 2014 में जब बतौर पीएम की शपथ नरेंद्र मोदी ने ली है, तब से वो देश के जवानों के साथ ही दिवाली के त्योहार मनाते हैं। साल 2014 में पीएम बनने के बाद नरेंद्र मोदी सबसे पहले सियाचिन ग्लेशियर में जवानों के साथ दिवाली मनाने गए थे। साल 2015 में पंजाब के अमृतसर में जवानों संग दिवाली का जश्न मनाया था। इसके बाद 2016 में हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में और 2017 में कश्मीर के गुरेज में जवानों के साथ दिवाली का त्योहार मनाया था। 2018 में प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड के केदारनाथ में और वर्ष 2019 में जम्मू संभाग के राजौरी में सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाई थी।

2020 में पीएम मोदी ने दिवाली राजस्थान के जैसलमेर में मनाई थी। जबकि 2021 में राजौरी जिला के नौशहरा और 2022 में करगिल में सैनिकों के साथ पीएम नरेंद्र मोदी ने दिवाली मनाई थी और इस पीएम मोदी हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंचे हैं।

पीएम मोदी ने दी दिवाली की ढेर सारी शुभकमनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दिवाली की ढेर सारी शुभकमनाएं दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "देश के अपने सभी परिवारजनों को दीपावली की ढेरों शुभकामनाएं। ये खास त्योहार आपके जीवन में खुशियां, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लाए।"

Created On :   12 Nov 2023 12:20 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story