मौसम अलर्ट: दिल्ली में बारिश बढ़ाएगी लोगों की मुश्किलें, मध्यप्रदेश में जारी रहेगा शीतलहर का दौर, आईएमडी ने जारी की चेतावनी

दिल्ली में बारिश बढ़ाएगी लोगों की मुश्किलें, मध्यप्रदेश में जारी रहेगा शीतलहर का दौर, आईएमडी ने जारी की चेतावनी
  • शीतलहर चलने से बढ़ी ठिठुरन
  • दिल्ली में बारिश के आसार
  • मध्यप्रदेश में छाएगा कोहरा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। देश की राजधानी समेत देश के कई राज्यों में ठंड ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं। इन स्थानों के तापमान में भारी कमी देखने को मिली है। वहीं कोहरे के कारण लोगों को आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 5 और 6 जनवरी को दिल्ली एनसीआर समेत यूपी, हरियाणा, पंजाब, एमपी, बिहार और बंगाल तक घना कोहरा छाया रहा। जिस वजह से कई ट्रेनों और फ्लाइट्स में आगमन और प्रस्थान में देरी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रह सकती है।

दिल्ली में होगी बारिश!

ठंड की मार झेल रहे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश होने की संभावना जताई है, जिसके चलते ठंड में और बढ़ोतरी हो सकती है। विभाग के मुताबिक 7 जनवरी को दिल्ली में घना कोहरा छाया रहेगा। वहीं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आने वाली 9 और 10 तारीख को राजधानी में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।

मध्यप्रदेश में जारी रहेगा शीतलहर का दौर

मौसम विभाग के मुताबिक ठंड से ठिठुर रहे मध्यप्रदेश में शीतलहर का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई स्थानों बारिश होने और कोहरा छाने की संभावना है। विशेषज्ञों ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते अगले 3 दिन प्रदेश में ऐसा ही मौसम बना रहेगा। बात करें पिछले 24 घंटे की तो इस दौरान प्रदेश का गुना सबसे ठंडा रहा। यहां शीतलहर चलने से कोल्ड डे की स्थिति रही। वहीं राजधानी भोपाल में तड़के 4 बजे करीब 40 मिनट तेज बारिश हुई। जिससे दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। भोपाल समेत राज्य के 12 जिलों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया।

Created On :   5 Jan 2024 5:35 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story