दुखद घटना: राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल छत गिरने की घटना पर दुख व्यक्त किया

- राष्ट्रपति ने दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
- कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ -पीएम मोदी
- झालावाड़ ज़िले के पिपलोदी गांव की घटना
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजस्थान के झालावाड़ में एक स्कूल की छत गिरने की घटना पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा है राजस्थान के झालावाड़ में एक विद्यालय की छत गिरने से कई विद्यार्थियों की मृत्यु और घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर शोक संतप्त परिवारजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना को अत्यंत दुखद बताया है। इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।
राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा ने कहा जानकारी के अनुसार इस घटना में 6-7 बच्चों की मृत्यु हो गई है और कई बच्चे घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है और मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्दी ठीक हों। उपचार की व्यवस्था के लिए सभी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री भी अधिकारियों से लगातार जानकारी ले रहे ।
झालावाड़ कलेक्टर अजय सिंह राठौर स्कूल की छत गिरने की घटना में घायल छात्रों से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे। आज सुबह हुई इस घटना में 7 छात्रों की मौत हो गई है।
राजस्थान सरकार के मंत्री मदन दिलावर ने कहा झालावाड़ ज़िले के पिपलोदी गांव में एक स्कूल में दुखद घटना की खबर मिली है। स्कूल की छत गिरने से 3 बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है। कुछ बच्चे घायल हुए हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।मैं इस दुखद घटना की उच्चस्तरीय जांच करवाऊंगा
Created On :   25 July 2025 3:29 PM IST