Bihar Assembly Elections 2025: जीतनराम मांझी ने एनडीए गठबंधन की बढ़ाई मुश्किलें, इतनी सीटों पर चुनाव लड़ने का किया दावा

- कैसे बनता है मान्यता प्राप्त दल
- हम पार्टी मान्यता प्राप्त नहीं बन पाया दल
- पैसे के दम पर राजनीतिक दल जुटाते हैं भीड़
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव अक्टूबर तक हो सकते हैं। इसके लिए राजनीतिक दल पूरे दम के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस बीच हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) पार्टी ने एनडीए की मुश्किलें बढ़ा दी है। पार्टी अध्यक्ष जीतनराम मांझी ने आज रविवार को एक बड़ा बयान दिया है। इस बार उनकी पार्टी ने एनडीए गठबंधन से 15 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की है। उन्होंने गठबंधन को चुनौती दी है कि अगर उन्हें उनकी मांग के हिसाब से सीटें नहीं मिलती है तो वे सौ सीटों पर अपने उम्मीदवार को उतारेंगे, क्योंकि वह किसी भी हाल में इस साल अपनी पार्टी को मान्यता प्राप्त दल बनाना चाहते हैं। ये बात उन्होंने अपने आवास बोधगया में मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
आपकों बता दें कि किसी भी राजनीतिक पार्टी को मान्यना प्राप्त दल बनने के लिए कम से कम 8 सीटों पर जीत हासिल करनी होती है और साथ ही कुल मतों का 6 प्रतिशत वोट मिलना चाहिए। मांझी का कहना है कि व्यावहारिक तौर यह तभी संभव हो पाएगा, जब उन्हें एनडीए गठबंधन 15 सीटों पर चुनाव लड़ने देगा, जो संभव नहीं है कि पार्टी सभी सीटों पर जीत हासिल कर सके।
'करो या मरो' की स्थिति
जीतनराम मांझी ने दावा किया है कि हर विधानसभा क्षेत्र में उनके 10 से 15 हजार वोटर हैं। इस वजह से उनकी पार्टी अकेली 6 फीसदी वोट हासिल कर सकती है। उन्होंने आगे यह भी कहा है कि उनकी पार्टी को बने हुए 10 साल हो चुके हैं, लेकिन पार्टी का अभी तक निबंधित बने रहना, उनके लिए अपमानजनक है। इसलिए उनके लिए इस बार का चुनाव 'करो या मरो' की स्थिति में है।
पैसा खर्च कर भीड़ जुटाती है पार्टियां
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा चीफ ने एनडीए में अपनी ताकत का दावा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी बिना पैसा खर्च किए गए भी भीड़ जुटा लेती है, जबकि दूसरी पार्टियां पैसे के दम पर भीड़ बुलाती है। उन्होंने बताया कि एनडीए के नेता अच्छी तरह इस बात को जानते हैं और सीट बंटवारे के दौरान भी यही देखा जाता है कि कौन सी पार्टी वास्तव में जीत सकती है। मांझी ने पूरे विश्वास के साथ कहा है कि उन्हें इस बार पर्याप्त सीटें मिलने वाली है और 2025 में उनकी पार्टी मान्यता प्राप्त बन जाएगी।
Created On :   14 Sept 2025 3:55 PM IST