Jaipur Building Excavation Accident: हादसों का शहर बना 'जयपुर', पटाखा फैक्ट्री अग्निकांड के बाद निर्माणाधीन इमारत में मिट्टी धंसी, तीन महिलाओं की मौत

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। शहर के करणी विहार इलाके में मिट्टी ढहने से तीन महिलाओं की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन बिल्डिंग की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी ढह गई, जिसकी चपेट में वहां काम कर रही महिला मजदूर आ गईं।
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं के नाम सुनीता देवी, अनुती कुमारी और प्रतिमा कुमारी हैं। तीनों ही बिहार की रहने वाली हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़े -विशाखापत्तनम स्टील प्लांट हादसा सरकार ने मृतकों के परिजनों को नौकरी, बच्चों की पढ़ाई और आवास का दिया भरोसा
जेसीबी से हटानी पड़ी मिट्टी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इमारत के बेसमेंट के लिए खुदाई का काम चल रहा था। मिट्टी को समतल करने के लिए करीब 20 फीट खुदाई हो चुकी थी। इसी दौरान मिट्टी भरभराकर ढह गई, जिसमें तीनों महिलाएं दब गईं। साथ में काम कर रहे अन्य मजदूरों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश भी की, लेकिन वो असफल रहे।
इसके बाद मिट्टी को हटाने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। करीब 20 मिनट के बाद मलबे में दबी महिलाओं को बाहर निकाला और तुरंत एसएमएस अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसों का शहर बना 'जयपुर'
हाल ही के दिनों में जयपुर में हादसों की संख्या बढ़ गई है। सड़क से लेकर आगजनी और औद्योगिक हादसों के कई मामले सामने आए हैं। सड़क हादसों के मामले में तो जयपुर दिल्ली के बाद दूसरे नंबर पर आता है। दो दिन पहले ही शहर के खोह नागोरियान थाना इलाके के रिहायशी क्षेत्र में एक पटाखा गोदाम में भीषण आग लग गई थी। इस हादस में 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।
Created On :   11 Jun 2026 6:07 PM IST









