Bihar MLC Election Result: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजे घोषित, सभी 10 उम्मीदवार चुने गए निर्विरोध, उपेंद्र कुशवाहा के बेटे के मंत्री पद पर खतरा!

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधान परिषद की 10 खाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया था, इसके लिए नामांकन वापसी की तारीख 11 जून, 2026 तय की गई थी। इसके लिए सिर्फ 10 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। जिनमें से सभी 10 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। हालांकि, इन 10 प्रत्याशियों के सामने किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है, इस वजह से वोटिंग करने की नौबत नहीं आई है।
यह भी पढ़े -दीपक प्रकाश को MLC उम्मीदवार नहीं बनाए जाने पर उपेंद्र कुशवाहा की आई प्रतिक्रिया, कहा - 'ये सवाल तो…'
ये उम्मीदवार चुने गए निर्विरोध
बीजेपी ने पवन सिंह, संयज मयूख, शीला पंडित और अनिल ठाकुर को उम्मीदवार बनाया था। वहीं, जेडीयू से भारती मेहता, निशांत कुमार, ललन प्रसाद और शिवानी देवी को प्रत्याशी घोषित किया था। लोजपा (रामविलास) से अशरफ अंसारी ने नामांकन दाखिल किया है। आरजेडी ने सुनील सिंह को प्रत्याशी बनाया था। ये सभी निर्विरोध चुने गए हैं।
दीपक प्रकाश के मंत्री पद पर खतरा?
निर्विरोध जीते गए सभी 10 उम्मीदवारों को विधानसभा में सर्टिफिकेट बांटे गए हैं। इसके बाद अब तय हो गया है कि उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश का मंत्री पद जा सकता है। उन्हें एनडीए सरकार में पंचायती राज मंत्री बनाया गया है। लेकिन दीपक अभी न तो विधानसभा सदस्य और न बिहार विधान परिषद के सदस्य है। इस वजह से उनके पद पर खतरा बना हुआ है। बताते चले कि राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चले जाने से उनकी एमएलसी सीट खाली हो गई थी, उनकी सीट पर जेडीयू ने ललन प्रसाद को उतारा था। ऐसे में उनका कार्यकाल 2030 तक रहेगा, जबकि बाकी 9 सीटों का 2032 तक रहेगा।
दीपक प्रकाशका आगे क्या?
एमएलसी के चुनाव नतीजे आने के बाद सवाल उठने लगे हैं कि अब दीपक प्रकाश का क्या होने वाला है? उन्होंने पहली बार नीतीश सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी और दूसरी बार सम्राट सरकार में ली है। फिलहाल वह किसी सदन के सदस्य नही हैं। ऐसे में सवाल उठकर सामने आ रहे हैं कि कुशवाहा आगे क्या कदम उठाएंगे?
Created On :   11 Jun 2026 8:09 PM IST








