Vantara Statement: माधुरी हथिनी के कोल्हापुर वापसी पर वंतारा ने कहा- उसकी सेहत हमारी पहली प्राथमिकता, हर 2 हफ्ते में होगा मेडिकल चेकअप

माधुरी हथिनी के कोल्हापुर वापसी पर वंतारा ने कहा- उसकी सेहत हमारी पहली प्राथमिकता, हर 2 हफ्ते में होगा मेडिकल चेकअप
माधुरी के मामले में वंतारा ने कहा है कि वह HPC के आदेश का पूरी तरह पालन करेगा। वंतारा ने कहा कि वह कोल्हापुर के लोगों की माधुरी से जुड़ी भावनाओं को समझता है।

जामनगर/कोल्हापुर। कोल्हापुर की ‘महादेवी’ के नाम से पहचानी जाने वाली हथिनी माधुरी अब वापस कोल्हापुर लौटेगी। हाई-पावर्ड कमेटी (HPC) ने 9 सितंबर 2026 को अपने आदेश में माधुरी को कड़ी शर्तों के साथ कोल्हापुर भेजने की अनुमति दी है। शर्तों के मुताबिक माधुरी का इस्तेमाल जुलूस या किसी दूसरे काम में नहीं किया जा सकेगा। उसकी 24 घंटे देखभाल करनी होगी और हर दो हफ्ते में उसका मेडिकल चेकअप किया जाएगा।

माधुरी के मामले में वंतारा ने कहा है कि वह HPC के आदेश का पूरी तरह पालन करेगा। वंतारा के मुताबिक माधुरी की सेहत अभी स्थिर है, लेकिन उसकी पुरानी बीमारियां पूरी तरह ठीक नहीं हुई हैं। उसे लगातार पशु चिकित्सा देखभाल और नियमित निगरानी की जरूरत है।

30 जुलाई 2025 को माधुरी वंतारा लाई गई थी

वंतारा के मुताबिक माधुरी 30 जुलाई 2025 को HPC के निर्देश पर जामनगर स्थित वंतारा लाई गई थी। इन निर्देशों को बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट ने भी सही ठहराया था। वंतारा ने कहा कि उसने माधुरी की कस्टडी की मांग नहीं की थी। उसे इसलिए वंतारा लाया गया क्योंकि सक्षम अधिकारियों के निर्देश के अनुसार उसकी देखभाल करना जरूरी था।

वंतारा ने कहा कि वह कोल्हापुर के लोगों की माधुरी से जुड़ी भावनाओं को समझता है। महाराष्ट्र सरकार, अधिकारियों, संबंधित पक्षों और समुदाय के लोगों से बातचीत के बाद 6 अगस्त 2025 को वंतारा ने स्पष्ट किया था कि वह इन भावनाओं का सम्मान करता है और सक्षम अधिकारियों के निर्देशों का पालन करेगा। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सभी संबंधित पक्षों को HPC के सामने अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया।

HPC ने सुविधा केंद्र का निरीक्षण करने के बाद दिया आदेश

HPC ने सभी पक्षों को सुनने के साथ संबंधित रिपोर्ट मंगाई और नंदनी स्थित उस सुविधा केंद्र का निरीक्षण भी किया, जहां माधुरी को वापस रखा जाना है। इसके बाद 9 सितंबर 2026 को HPC ने विस्तृत और तर्कपूर्ण आदेश जारी किया। इसमें माधुरी को कोल्हापुर लौटाने की अनुमति दी गई, लेकिन उसकी सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कई शर्तें भी लगाई गई हैं।

वंतारा ने बताया कि उसने माधुरी की वापसी के लिए रहने की स्थिति, पशु चिकित्सा सुविधाएं, मेडिकल उपकरण, दवाइयां और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं तैयार करने में मदद की है। वंतारा के पशु चिकित्सक हर दो हफ्ते में कोल्हापुर जाकर माधुरी की मेडिकल जांच करेंगे। HPC के निर्देश के अनुसार इसकी रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को भी दी जाएगी। वंतारा का कहना है कि यह व्यवस्था सिर्फ माधुरी को वापस भेजने तक सीमित नहीं है, बल्कि जहां भी वह रहे, वहां उसकी लगातार देखभाल और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करना इसका उद्देश्य है।

माधुरी के लिए ये शर्तें

- माधुरी का इस्तेमाल किसी जुलूस या दूसरे काम के लिए नहीं किया जाएगा।

- उसे 24 घंटे देखभाल उपलब्ध कराई जाएगी।

- हर दो हफ्ते में उसका मेडिकल चेकअप होगा।

- पशु चिकित्सा से जुड़ी रिपोर्ट सक्षम अधिकारियों को दी जाएगी।

- माधुरी के कोल्हापुर लौटने के बाद भी वंतारा की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी।

''माधुरी की भलाई वंतारा की पहली प्राथमिकता है। उसकी सेहत, भलाई और सम्मान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता इस बात पर निर्भर नहीं करती कि वह कहां रहती है। हम उसके अच्छे स्वास्थ्य और एक लंबी, सुरक्षित और खुशहाल जिंदगी की कामना करते हैं।''

वंतारा

Created On :  

Tags

Next Story