MP News: सागर जहरीली शराब कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी रवि लखेरा की पुलिस से मुठभेड़, शार्ट एनकाउंटर में आरोपी के पैर में लगी गोली, अस्पताल में इलाज जारी

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने सागर में जहरीली शराब कांड के आरोपी रवि लखेरा का जंगल में शॉर्ट एनकाउंटर किया, मिली जानकारी के अनुसार शराब कांड के मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है। रवि लखेरा पहले भी नकली शराब के मामलों में पुलिस के रडार पर रह चुका है। उसका नाम मई 2026 में उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में पकड़ी गई नकली शराब फैक्ट्री मामले में सामने आया था। रवि लखेरा अवैध शराब नेटवर्क से पहले से ही जुड़ा था।
मध्यप्रदेश पुलिस ने सागर जहरीले जाम कांड के बाद अवैध शराब के पूरे नेटवर्क की परतें खंगाली तो जांच में मुख्य आरोपी के तौर पर रवि लखेरा, मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर और शिवान्जय ठाकुर के नाम सामने आए। पुलिस ने इसके बाद रवि लखेरा और मनीष लोधी की गिरफ्तारी पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
यह भी पढ़े -सागर शराब त्रासदी पर कांग्रेस का वार, मल्लिकार्जुन खड़गे बोले-जवाबदेही से भाग रही डबल इंजन सरकार
बताया जा रहा है कि जहरीले जाम से हुई मौतों के बाद से ही आरोपी रवि लखेरा फरार चल रहा था, पुलिस ने गिरफ्तारी करने के लिए उसके कई ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस को चकमा दे रहा था। आखिरकार पुलिस ने आज बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी और गढ़ी मलहरा शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को बरायठा के जंगल से घेर लिया था, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पहले पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में आरोपी पर गोली चलाई, जिसमें रवि लखेरा घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट कर लिया। पुलिस ने आरोपी के उपचार के लिए उसे सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
Created On :  

