मौसम अपडेट: बारिश से लोगों पर गिरी परेशानी की गाज! 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश, मौमस विभाग ने जारी किया अलर्ट

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दिल्ली, मुंबई के साथ कई बड़े शहरों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है। कई जगह जलभराव, बाढ़ जैसे हालात और सड़कों पर लंबा जाम देखने को भी मिल रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 17 राज्यों के लिए भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बरसात जारी
दिल्ली और आसपास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से रुक-रुककर बारिश हो रही है। 9 जुलाई को कई हिस्सों में रेड और येलो अलर्ट जारी किया गया है। 10 और 11 जुलाई को भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, अयोध्या, लखनऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
बिहार, राजस्थान और उत्तराखंड में भी अलर्ट
बिहार के पटना, मधुबनी, वैशाली, भागलपुर, बेगूसराय और कई दूसरे जिलों में तेज बारिश और 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजस्थान में अगले 2 से 3 दिन तक कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि 11 जुलाई के बाद बारिश की रफ्तार कुछ कम होने के आसार हैं। उत्तराखंड के कई पहाड़ी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।
यह भी पढ़े -मंत्रि-परिषद ने प्रदेश में अधोसंरचनात्मक विकास और पुनर्वास कार्यों के लिये दी 2,300 करोड़ रूपये की स्वीकृति
महाराष्ट्र, असम और तमिलनाडु में भी मौसम का असर
महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश से कई जगह हालात बिगड़ गए हैं। अचानक आई बाढ़, उफनाती नदियों और इमारत गिरने जैसी घटनाओं ने चिंता और ज्यादा बढ़ा दी है। 1 जून से अब तक राज्य में बारिश और तूफान से 62 लोगों और 200 पशुओं की मौत हो चुकी है। वहीं असम के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। तमिलनाडु के पश्चिमी घाट से जुड़े इलाकों में भी 2 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिना जरूरत के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।
Created On :   9 July 2026 8:32 AM IST












