ईरान से तेल आयात करने वाले देशों को ट्रंप ने दी देख लेने की धमकी

ईरान से तेल आयात करने वाले देशों को ट्रंप ने दी देख लेने की धमकी
हाईलाइट
  • ट्रंप ने उन देशों को चेतावनी दी है जो 4 नवंबर से लागू हो रहे प्रतिबंध के बाद भी ईरान से तेल खरीदना जारी रखेंगे।
  • ट्रंप ने कहा
  • जो भी देश प्रतिबंध लागू होने के बाद इरान से तेल आयात को जीरो नहीं कर देता उन देशों को 'हम देख लेंगे'।
  • भारत के ईरान को दिए तेल खरीद के ऑर्डर के बाद ट्रंप की ये चेतावनी आई है।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों को चेतावनी दी है जो 4 नवंबर से लागू हो रहे अमेरिकी प्रतिबंध के बाद भी ईरान से तेल खरीदना जारी रखेंगे। ट्रंप की ये चेतावनी भारत के उस ऐलान के बाद आई है जिसमें कहा गया था कि भारत की दो कंपनियों ने नवंबर में ईरान से तेल खरीदने का ऑर्डर दिया है। ट्रंप ने सख्त लहजे में कहा कि जो भी देश 4 नवंबर से लगने वाले प्रतिबंध के बाद इरान से तेल आयात को जीरो नहीं कर देता उन देशों को "हम देख लेंगे"।

कुछ दिन पहले, पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने "द एनर्जी फोरम" में कहा था, "सार्वजनिक क्षेत्र की दो रिफाइनरी कंपनियों ने ईरान से नवंबर में कच्चे तेल आयात के लिए ऑर्डर दिए हैं। हमें नहीं पता कि हमें अमेरिकी प्रतिबंधों में छूट मिलेगी या नहीं।" प्रधान ने कहा, भारत की अपनी ऊर्जा जरुरते हैं जिन्हें पूरा किया जाना है। वहीं ऑइल मिनिस्ट्री के संयुक्त सचिव संजय सुधीर ने कहा था, "अमेरिका के साथ भारत अपने संबंधों को बिगाड़ना नहीं चाहता। हम चाहते हैं कि अमेरिका के साथ संबधों में बैलेंस बना रहे। साथ ही हमें अपनी ऊर्जा जरुरतों का भी ध्यान रखना है।" 

बता दें कि इराक और सऊदी अरब के बाद ईरान, भारत का तीसरा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है। अप्रैल 2017 से जनवरी 2018 तक ईरान ने भारत को 1.84 करोड़ टन कच्चे तेल की आपूर्ति की है। भारत ने इसी साल ईरान से तेल आयात बढ़ाने का फैसला किया था जब ईरान ने भारत को करीब-करीब मुफ्त ढुलाई और उधारी की मियाद बढ़ाने का ऑफर दिया था। पहले अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच ईरान से व्यापारिक रिश्ते कायम रखने वाले मुट्ठीभर देशों में भारत भी एक था।

इसी साल मई 2018 में अमेरिका ने ईरान के साथ 2015 की न्यूक्लियर डील तोड़ दी थी। साथ ही ईरान पर फिर से नए आर्थिक प्रतिबंध लगाने का ऐलान कर दिया था। यह प्रतिबंध दो चरणों में लागू करने की घोषणा की थी। सात अगस्त को प्रतिबंध का पहला चरण लागू हो चुका है और चार नवंबर को दूसरा सेट लागू किया जाएगा।


 

Created On :   11 Oct 2018 3:39 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story