मुंबई: MNS और कांग्रेस कार्यकर्ता भि‍ड़े, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Mns And Congress Worker Fight During Feriwala Samman March
मुंबई: MNS और कांग्रेस कार्यकर्ता भि‍ड़े, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
मुंबई: MNS और कांग्रेस कार्यकर्ता भि‍ड़े, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन के बाहर फेरीवालों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और एमएनएस नेताओं के बीच जमकर हाथापाई हुई है। इस बीच MNS कार्यकर्ताओं भी वहां पहुंच गए और कांग्रेस विरोधी नारे लगाने लगे। इसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। बाद में रैपिड एक्शन फ़ोर्स को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा।

दरअसल कांग्रेसी नेता फेरीवालों के साथ एक मार्च निकाल रहे थे। इससे गुस्साए एमएनएस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेसियों के साथ मारपीट की। बता दें कि मुंबई में राज ठाकरे की पार्टी मनसे के कार्यकर्ताओं ने कुछ दिन पहले मानखुर्द रेलवे स्टेशन के बाहर फेरीवाले की दुकानों को तोड़ दिया था। इसके बाद फेरीवालों ने एमएनएस कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी थी। फिर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसी घटना के विरोध में और फेरीवालों के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रोटेस्ट कर रहे थे।

बुधवार को जब कांग्रेस ने दादर में फेरीवालों के समर्थन में सम्मान मार्च निकाला तो एमएनएस कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उन्होंने कांग्रेसी नेताओं से मारपीट करनी शुरू कर दी। मौके पर पुलिस को पहुंचकर लाठीचार्ज करना पड़ा। जब माहौल बहुत तनावपूर्ण हो गया तो दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने अरेस्ट कर लिया।

बता दें कि एलिफिस्टन भगदड़ हादसे के बाद राज ठाकरे ने रेलवे को 15 दिनों में हॉकर्स हटाने की धमकी दी थी। और कहा था अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके कार्यकर्ता खुद मौके पर पहुंचकर इसे हटाएंगे। इसके बाद ही 26 अक्टूबर को गुरुवार देर शाम 8 बजे के करीब एमएनएस कार्यकर्ताओं ने कानून को ताक पर रखते हुए फेरीवालों के साथ मारपीट की। ये मारपीट खासकर उत्तर भारत के फेरीवालों के साथ की गई थी इसके बाद उनका सामान भी फेंक दिया गया था। इस घटना के बाद ट्रोम्बे पुलिस ने 11 मनसे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।

हालांकि इसके बावजूद मनसे कार्यकर्ताओं पर कोई फर्क नहीं पड़ा उन्होंने मुंबई पुलिस को धमकी दी थी कि हम यहीं नहीं रुकेंगे, 2 दिनों बाद दूसरे रेलवे स्टेशन के बाहर भी बैठे हॉकर्स को हटाएंगे, क्योंकि राज ठाकरे के आदेश का हमें पालन करना है।

Created On :   1 Nov 2017 2:13 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story