बंगाल: ममता बनर्जी ने ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा का किया अनावरण

बंगाल: ममता बनर्जी ने ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा का किया अनावरण
हाईलाइट
  • अमित शाह के रोड शो के दौरान झड़प में तोड़ दी गई थी विद्यासागर की मूर्ति
  • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विद्यासागर कॉलेज में स्थापित की प्रतिमा

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। लोकसभा चुनाव के दौरान अमित शाह को रोड शो में हुई हिंसा में टूटी समाज सुधारक ईश्वरचंद्र विद्यासागर की नई मूर्ति का ममता बनर्जी ने अनावरण किया है। सीएम ममता ने मंगलवार को उसी जगह पर विद्यासागर की मूर्ति स्थापित की। कार्यक्रम के दौरान ममता ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, बंगाल को गुजरात बनाने की कोशिश की जा रही है। बंगाल गुजरात नहीं है।

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में स्थित विद्यासागर कॉलेज में मंगलवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां सीएम ममता बनर्जी ने ईश्वरचंद्र विद्यासागर की मूर्ति का अनावरण किया और पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यासागर कॉलेज में मूर्ति को स्थापित किया। इस दौरान ममता ने कहा, हम चार और प्रतिमा बनाएंगे और उन्हें यहां पर लगाएंगे। रविंद्रनाथ टैगोर, विद्यासागर, आशुतोष और काजी नजरुल इस्लाम की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। 

ममता बनर्जी ने बंगाल के हालातों को लेकर कहा, मैं राज्यपाल का सम्मान करती हूं लेकिन हर पद की अपनी संवैधानिक सीमा होती है। बंगाल को बदनाम किया जा रहा है। अगर आप बंगाल को बचाना चाहते हैं तो इसकी संस्कृति भी साथ आएगी। बंगाल को गुजरात में बदलने के लिए एक योजना बनाई जा रही है। बंगाल गुजरात नहीं है।

गौरतलब है कि, 14 मई को अमित शाह के रोड शो के दौरान झड़प हुई थी, जिसमें विद्यासागर कॉलेज में लगी विद्यासागर की मूर्ति टूट गई थी। बीजेपी ने प्रतिमा को तोड़ने के लिए टीएमसी के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया था, वहीं ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर विरोध दर्ज कराने के लिए विशाल रैली आयोजित की थी और बीजेपी पर मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया था। मूर्ति तोड़े जाने के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया था। चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि, वह ईश्वर चंद्र विद्यासागर की तोड़ी गई प्रतिमा की जगह पर पंच धातु की मूर्ति बनवाएंगे। 

Created On :   11 Jun 2019 10:04 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story