West Bengal News: बंगाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद 5 आरोपी गिरफ्तार

बंगाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के बाद 5 आरोपी गिरफ्तार
अभिषेक बनर्जी पर कथित हमले के मामले में पांच आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। वहीं, ममता बनर्जी ने भाजपा पर आरोप लगाए, जबकि मेडिकल जांच में कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई।

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के मामले में बड़ा एक्शन लिया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं। घटना के बाद पुलिस ने इंक्वायरी तेज कर दी है और सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह मामला उस समय सामने आया जब अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में चुनाव के बाद हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां हंगामा हुआ और उनके साथ धक्का-मुक्की होने की बात सामने आई। घटना को लेकर राज्य की राजनीति भी गरमा गई है।

ममता बनर्जी ने भाजपा को घेरा

टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी को इलाज और अस्पताल की सुविधा मिलने में बाधाएं पैदा की गईं। ममता ने कहा कि कुछ लोग अधिकारियों पर दबाव बनाकर उन्हें अस्पताल में भर्ती होने से रोकना चाहते थे। वहीं भाजपा ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है।

मेडिकल जांच में क्या आया सामने?

घटना के बाद अभिषेक बनर्जी की मेडिकल जांच कराई गई। डॉक्टरों की रिपोर्ट में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई। रिपोर्ट के अनुसार, उनके सीने पर केवल हल्की चोट के निशान पाए गए। जांच के समय वह पूरी तरह होश में थे और सामान्य रूप से बात कर रहे थे।

अस्पताल में नहीं हुए एड्मिट

डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उनकी हालत सामान्य है और अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं है। एहतियात के तौर पर उन्हें कुछ जरूरी दवाएं और फ्लूइड दिए गए। इसके बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई। पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Created On :   31 May 2026 11:31 AM IST

Tags

Next Story