विधानसभा चुनाव 2023: राजस्थान में किसके सिर सजेगा ताज? मुख्यमंत्री के लिए इन पांच चेहरों पर है नजर

राजस्थान में किसके सिर सजेगा ताज? मुख्यमंत्री के लिए इन पांच चेहरों पर है नजर
राज्य में बीजेपी कार्यालय में जश्न मनाना शुरू

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव के परिणाम आज शाम तक आएंगे। लेकिन इससे पहले शुरुआती रुझानों में स्थिति साफ हो गई है और भारतीय जनता पार्टी को जनादेश मिलता नजर आया है। इसी के साथ राजस्थान में कांग्रेस रिवाज बदलने में असफल रही है। ताजा रुझानों में बीजेपी 112 सीटों पर आगे चल रही है और राज्य में बीजेपी कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर भाजना कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। लेकिन अब सबके मन में सवाल यह कि, आखिर राजस्थान में किसके सर पर ताज होगा? क्योंकि भाजपा ने चुनाव से पहले मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं किया है। ऐसे में 5 ऐसे नाम सामने आते हैं, जो कुर्सी पर बैठ सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में...

1. महंत बालकनाथ

बीजेपी सांसद महंत बालकनाथ को सीएम के रूप में देखा जा र​हा है। कई राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि, राजस्थान में बीजेपी यूपी की तर्ज पर सीएम के नाम की घोषणा कर सकती है। मतगणना से पहले आए एग्जिट पोल में भी लोगों ने महंत बालकनाथ को सीएम पद के रूप में पसंद किया था।

2. वसुंधरा राजे

भले ही भाजपा ने राजस्थान में चुनाव से पहले सीएम के नाम का ऐलान ना किया हो, लेकिन मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का नाम अब भी चर्चा में है। बता दें कि, चुनाव से पहले पार्टी ने वसुंधरा का नाम साइड लाइन किया था। लेकिन चुनाव के दौरान वे काफी एक्टिव रहीं और जोरशोर के साथ चुनाव प्रचार भी किया।

3. दीया कुमारी

मुख्यमंत्री पद के लिए दूसरा नाम विद्याधरनगर सीट पर चुनाव लड़ रही बीजेपी सांसद दीया कुमारी का भी है। चुनाव परिणामों के शुरुआती रुझान में दीया कुमारी ने बढ़त बनाई है। हालांकि, चुनाव से पहले उन्होंने कभी सीएम पद के लिए अपने नाम का जिक्र नहीं किया। बल्कि हमेशा पार्टी द्वारा दिए जाने वाले आदेश का पालन करने की बात करती रहीं।

4. गजेंद्र सिंह शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का नाम भी राजस्थान के मुख्यमंत्री पद के रूप में देखा गया है। बता दें कि, उन्होंने इस बार खुद चुनाव नहीं लड़ा है। लेकिन ऐसा माना जा रहा है​ कि, यदि भाजपा उन्हें सीएम बनाती है तो वह उन्हें करणपुर सीट पर होने वाले चुनाव में उतार सकती है। जहां सीट पर मतदान से पहले कांग्रेस प्रत्याशी का निधन हो गया था।

5. किरोड़ी लाल मीणा

राजस्थान की सियासत में किरोड़ी लाल मीणा का नाम भी खूब चर्चा में है। वे जनता से जुड़े मुद्दों को हमेशा उठाते रहे हैं। उन्होंने, गहलोत सरकार के खिलाफ भी खूब आवाज उठाई है। ऐसे में माना जा रहा है कि, वे सीएम पद के दावेदार हो सकते हैं।

Created On :   3 Dec 2023 10:53 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story