जीतन राम मांझी पर अटैक: स्कूल कार्यक्रम के दौरान चलाए पत्थर, सुरक्षा में तैनात जवान चोटिल, दो युवक गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, पटना। केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा चीफ जीतन राम मांझी के एक कार्यक्रम में हिंसा हुई। इस दौरान वह बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को जीतन राम मांझी बिहार के गयाजी में शाम को एक कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां पर पत्थर फेंके गए। इस घटना में शामिल दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।
यह भी पढ़े -'मुझे लगता है कि पीएम मोदी को जितने भी...' प्रधानमंत्री की अपील पर खेसारी लाल ने दिए सुझाव
स्कूल के कार्यक्रम में हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, यह घटना जिले के खिजरसराय प्रखंड के सीसवर स्थित संत थॉमस इंग्लिश स्कूल की है, जहां पर एक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें शामिल होने के लिए मांझी यहां पर पहुंचे थे। हालांकि, अभीतक मांझी या उनकी पार्टी की तरफ से कोई बयान नहीं जारी किया गया है और न ही पुलिस ने कोई प्रतिक्रिया दी है।
सुरक्षा जवान को आई चोट
इस कार्यक्रम के दौरान स्कूल प्रबंधन ने सबसे पहले केंद्रीय मंत्री को सम्मानित किया। इसके बाद मांझी जैसे ही कार्यक्रम को संबोधित करने पहुंचे। इसी दौरान बाहर से किसी ने पत्थर फेंके। इस दौरान उनकी सुरक्षा में खड़े जवान को चोट लगी। वहीं, उनकी सुरक्षा में खड़ी पुलिस ने तुरंत दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
यह भी पढ़े -बिहार एटीएस की बड़ी कार्रवाई, पाकिस्तानी ऑपरेटिव्स से संपर्क रखने के आरोप में युवक गिरफ्तार
मांझी के करीबियों पर हुए हमले
बताया जा रहा है कि जीतन राम मांझी पर हमला होने से पहले उनकी समधन और विधायक ज्योति मांझी के काफिले पर हमला हो चुका है। गौरतलब है कि 17 मई को बाराचट्टी से विधायक ज्योति एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंच रही थी। इस दौरान उनके काफिले को मोहनपुर प्रखंड में रोक लिया था और उन पर हमला किया। इस मामले में अबतक कई गिरफ्तारियां हो चुकी है।
Created On :   22 May 2026 10:37 PM IST










