कर्नाटक न्यूज: कांग्रेस के तीन दर्जन के करीब विधायक जल्द जाएंगे दिल्ली , मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर आलाकमान पर बनाएंगे दबाव

कांग्रेस के तीन दर्जन के करीब विधायक जल्द जाएंगे दिल्ली , मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर आलाकमान पर बनाएंगे दबाव
कर्नाटक में सत्तारूढ कांग्रेस पार्टी के 30 से 35 विधायक 28 या 29 मई तक दिल्ली जाएंगे। उनका मकसद पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाना है, ताकि मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकेंगे।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। कर्नाटक में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के अंदर नेतृत्व और मंत्रिमंडल बदलाव को लेकर खींचतान जारी है। मंत्रिमंडल बदलाव को लेकर कांग्रेस के करीब तीन दर्जन विधायक जल्द दिल्ली जाएंगे, और पार्टी आलाकमान पर दबाव बनाएंगे। कांग्रेस विधायक बेलुर गोपाल कृष्णा ने शुक्रवार को मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी के 30 से 35 विधायक 28 या 29 मई तक दिल्ली जाएंगे। उनका मकसद पार्टी नेतृत्व पर दबाव बनाना है, ताकि मंत्रिमंडल में फेरबदल हो सकेंगे। उन्होंने आगे कहा इससे करीब 20 विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिलेगा। उन्होंने मांग की कि सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद अगले 15 दिनों के भीतर मंत्रिमंडल में बदलाव होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मंत्रिमंडल में बदलाव नहीं हुआ और नए चेहरों को मौका नहीं मिला, तो वे कड़ा फैसला ले सकते हैं।

आपको बता दें 2023 में सरकार गठन के समय सिद्धारमैया मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार उपमुख्यमंत्री बने थे। तब अटकलें थी कि दोनों के बीच ढाई ढाई साल का समझौता हुआ है, लेकिन इतना समय बीत गया है। अब आपको बता दें अगर कांग्रेस आलाकमान मंत्रिमंडल बदलाव को मंजूरी देती है तो सिद्धारमैया सीएम बनें रहेंगे ऐसे में शिवकुमार के सीएम बनने की संभावना न के बराबर है।

मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कृष्णा ने कहा, यह फैसला हाईकमान लेगा। हम तो सिर्फ अपने अधिकार मांग रहे हैं। बस हमें 15 दिनों के भीतर मौका मिलना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो हमारे पास दूसरे विकल्प भी हैं और हम उन पर फैसला करेंगे।

सीएम पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में सीएम ने कहा था कि मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा और 15 नए लोगों को शामिल किया जाएगा। कृष्णा ने कहा जो अभी मंत्री हैं, वे तीन साल से सत्ता का आनंद ले चुके हैं। इसलिए हमने 28 या 29 मई को दिल्ली जाने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि पहले 25 विधायक गए थे, अब संख्या बढ़ गई है और करीब 35 विधायक जा सकते हैं। हमने 20 लोगों को मौका देने की मांग की है। उन्होंने कहा अगर राज्य में कांग्रेस को मजबूत बनाए रखना है, तो मंत्रिमंडल में बदलाव का फैसला लेना होगा।

बेलुर गोपाल कृष्णा ने कहा कि पहले यह तय हुआ था कि केरल के मुख्यमंत्री चुने जाने के बाद दिल्ली जाएंगे। अब मुख्यमंत्री का चयन हो चुका है, इसलिए हम दो-तीन दिनों में मीटिंग करेंगे। इस बार हमारे लिए करो या मरो की स्थिति है, क्योंकि सरकार बने तीन साल बीत गए हैं। लेकिन अब कोई मंत्रिमंडल में परिवर्तन की बात नहीं कर रहा है।

आपको बता दें पहले से ही मंत्री बनने के इच्छा रखने वाले विधायक दिल्ली में है। पहले भी कई मौकों पर कांग्रेस विधायक दिल्ली जा चुके है। लेकिन हर बार मामला टलता रहा है। पिछले महीने वरिष्ठ विधायकों के एक समूह ने दिल्ली जाकर पार्टी नेतृत्व से मुलाकात की थी और मंत्रिमंडल फेरबदल की मांग की थी। कुछ पहली और दूसरी बार चुने गए विधायक भी मंत्री बनने की इच्छा जता चुके हैं।

Created On :   22 May 2026 8:09 PM IST

Tags

Next Story