Bihar Election 2025: 'नीतीश राज में भगवान भरोसे जनता की सुरक्षा', कांग्रेस सांसद ने बिहार की कानून व्यवस्था पर कसा तंज

नीतीश राज में भगवान भरोसे जनता की सुरक्षा, कांग्रेस सांसद ने बिहार की कानून व्यवस्था पर कसा तंज
  • बिहार में चुनाव नजदीक आते ही गरमाई सियासत
  • राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमलावर विपक्ष
  • कांग्रेस सांसद ने सीएम नीतीश को बताया बीजेपी की कठपुतली

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी हमले तेज हो गए हैं। विपक्षी गठबंधन इंडिया में शामिल दलों के नेता राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर हमलावर हैं। इसी क्रम में कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की सुरक्षा व्यवस्था भगवान के भरोसे है।

पटना बना क्राइम कैपिटल

गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बिहार के लोग भगवान भरोसे जी रहे हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे हनुमान चालीसा पढ़कर निकलते हैं और अभिभावक उनकी सुरक्षित वापसी तक चिंतित रहते हैं। उन्होंने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए बिहार की राजधानी पटना को 'क्राइम कैपिटल' करार दिया।

नीतीश कुमार बीजेपी की कठपुतली

नीतीश कुमार को भाजपा की 'कठपुतली' बताते हुए अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि शासन-प्रशासन को जनता की सुरक्षा की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने गोपाल खेमका की हत्या का उदाहरण दिया, जो उनके बेटे की हत्या के बाद हुई, और यह भी बताया कि यह घटना पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के आवास के पास हुई।

फ्री जुमला की घोषणा चुनावी जुमला

वहीं, बिहार सरकार की ओर से फ्री बिजली दिए जाने पर कांग्रेस सांसद ने इसे चुनावी जुमला करार देते हुए कहा कि जनता ऐसी घोषणाओं को समझ चुकी है और इनके बहकावे में नहीं आएगी। उन्होंने स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाया, जिसके कारण बिजली बिल तीन से चार गुना बढ़ गया, जिससे लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि बिजली वितरण को निजी हाथों में सौंपने और स्मार्ट मीटर के जरिए बिल बढ़ाने के बाद अब चुनावी मौसम में मुफ्त बिजली का वादा केवल वोट हासिल करने की रणनीति है।

उन्होंने आगे कहा कि 125 यूनिट मुफ्त बिजली के वादे से साफ है कि चुनाव के दौरान हर दिन नई घोषणाएं की जाएंगी। लोगों को नए सपने बेचे जाएंगे। जनता सबकुछ समझ चुकी है। बिहार के पुलिस अधिकारी के बयान पर उन्होंने कहा कि ऐसा बेतुका बयान दर्शाता है कि पुलिस कितनी लाचार हो गई है। एआईएमआईएम के महागठबंधन में नहीं शामिल होने पर उन्होंने कहा कि विपक्ष पर संकट नहीं है। संकट जदयू और भाजपा पर है।

Created On :   17 July 2025 11:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story