Tamil Nadu Politics: सदन में दिखा CM विजय का स्वैग, फिल्मी स्टाइल में लहराया हाथ, सोशल मीडिया पर स्टालिन से हो रही तुलना

सदन में दिखा CM विजय का स्वैग, फिल्मी स्टाइल में लहराया हाथ, सोशल मीडिया पर स्टालिन से हो रही तुलना
तमिलनाडु विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री सी। जोसेफ का भाषण काफी चर्चा में रहा। सदन में अपने संबोधन को खत्म करने से पहले विजय ने स्पीकर से अनुमति मांगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। तमिलनाडु विधानसभा में मंगलवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ का भाषण काफी चर्चा में रहा। सदन में अपने संबोधन को खत्म करने से पहले विजय ने स्पीकर से अनुमति मांगी। इस दौरान उन्होंने अपने फिल्मी स्टाइल में हाथ का इशारा किया। यह देखते हुए सदन में मौजूद विधायकों ने तालियां बजानी शुरू कर दीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है।

सीएम विजय ने हाथ लहराकर समाप्त किया भाषण

तमिलनाडु विधानसभा में सीएम विजय का भाषण केवल सियासी गलियारों तक सीमित नहीं रहा। भाषण के दौरान जब विजय ने डीएमके सरकार के कथित भ्रष्टाचार पर हमला बोला। उन्होंने सदन में जोरदार हंगामा किया। डीएमके विधायकों ने विरोध प्रदर्शन किया और बाद में वॉकआउट किया।

हालांकि, पूरा घटनाक्रम तब दिलचस्प रहा जब भाषण समाप्त करने के लिए सीएम विजय ने स्पीकर से इजाजत ली। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने फिल्मी अंदाज में एक खास सिग्नेचर स्टेप किया। सदन में मौजूद सदस्य कुछ पल के लिए हैरान रह गए। वहीं, सोशल मीडिया पर यह सिग्नेचर स्टेप चर्चा का विषय बन गया है।

सीएम विजय के इस जेस्चर की तुलना लोग पूर्व मुख्यमंत्री एम।के। स्टालिन के उस चर्चित हाथ के इशारे से कर रहे हैं। जिसका वीडियो इस साल सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। दरअसल, यह वीडियो उस वक्त का था जब कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग के बाद स्टालिन डीएमके मुख्यालय से बाहर निकल रहे थे। तब उन्होंने मीडिया के सामने हाथ उठाकर संकेत बातचीत बनने के संकेत दिए थे। सोशल मीडिया पर इसे "सब तय हो गया" या "मामला खत्म" के संदेश के तौर पर देखा गया था।

इस इशारे के बाद स्टालिन ने साफ किया था कि यह पूरी तरह सहज प्रतिक्रिया थी। उन्होंने बताया था कि पत्रकार लगातार पूछ रहे थे कि बातचीत खत्म हुई या नहीं, जिसके जवाब में उन्होंने हाथ का इशारा करते हुए कहा था, 'हो गया, खत्म हो गया।' हालांकि, वह जेस्चर लंबे समय तक चर्चा में रहा। वहीं, अब सीएम विजय के नए इशारे ने उसी बहस को फिर से शुरू कर दिया।

सीएम विजय ने डीएमके पर साधा निशाना

विजय ने अपने संबोधन में साफ किया कि उनकी पार्टी सिर्फ एक फिल्म स्टार की लोकप्रियता पर खड़ी राजनीतिक ताकत नहीं है। उन्होंने कहा, 'ज्यादातर लोग पहले राजनीतिक पार्टी बनाते हैं और फिर जनता के पास जाते हैं। हम पहले जनता के पास गए और उसके बाद पार्टी बनाई। जो लोग इसे नहीं समझ पाए, वही हमें सिर्फ एक अभिनेता की पार्टी कहकर खारिज करते रहे।'

सीएम ने याद दिया कि उनकी पार्टी ने 2026 का विधानसभा चुनाव बिना किसी गठबंधन के लड़ा था। उन्होंने कहा, '2026 के चुनाव में हमने अकेले चुनाव लड़ा। जनता ने हमें स्पष्ट रूप से समझा और हमें 35 प्रतिशत वोट मिले। हमें 1.72 करोड़ वोट प्राप्त हुए और हम एक बड़ी स्वतंत्र राजनीतिक शक्ति बनकर उभरे। यही कारण है कि आज हम सरकार में बैठे हैं।'

इस दौरान सीएम ने अपने राजनीतिक दर्शन का साफ करते हुए द्रविड़ आंदोलन के जनक माने जाने वाले पेरियार ई.वी. रामासामी का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'पेरियार द्वारा धार्मिक आस्था को अस्वीकार करना ऐसी बात नहीं है जिसे हमने स्वीकार किया हो, लेकिन हमने उनके व्यापक सिद्धांतों को पूरी तरह अपनाया है।'

विजय ने आगे कहा कि उनकी पार्टी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के समान अवसर और सामाजिक न्याय के विचारों को अपनाया है, जबकि कामराज के ईमानदार प्रशासन मॉडल को अपनी राजनीति की आधारशिला बनाया है।

सीएम विजय ने डीएमके पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी सरकार आम लोगों की सरकार है। उन्होंने कहा, 'जैसे अन्ना के दौर में आम लोगों की सरकार थी और एमजीआर के समय बहुत साधारण लोगों की सरकार थी, वैसे ही विजय के नेतृत्व वाली यह सरकार सबसे साधारण लोगों की सरकार है।'

Created On :   23 Jun 2026 4:05 PM IST

Tags

Next Story