लोकसभा चुनाव 2024: सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन में घमासान! पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने कांग्रेस को दिए दो सीटों का ऑफर

सीट बंटवारे को लेकर इंडिया गठबंधन में घमासान! पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने कांग्रेस को दिए दो सीटों का ऑफर
  • सीट बंटवारे पर घमासान
  • बंगाल में बिगड़ सकती है कांग्रेस-टीएमसी में बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए विपक्षी पार्टियां इंडिया गठबंधन तैयार किया हुआ है लेकिन वो अपने ही चुनौतियों से जुझ रहे हैं। गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती आगामी चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर है। अलायंस ने अभी तक सीट बंटवारों को लेकर कोई ठोस नतीजा नहीं निकाल पाया है। इस बीच खबरें आ रही हैं कि कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस में सबकुछ सामान्य नहीं है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेताओं का कहना है कि अगर प्रदेश में टीएमसी सही तरीके से सीट बंटवारा करती है तभी गठबंधन संभव है।

सीट बंटवारे पर यह पहली बार नहीं है जब इंडिया गठबंधन में गरमाहट पैदा हुई हो। इससे पहले दिल्ली और पंजाब के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी आमने सामने आ चुकी है। अब एक बार फिर वैसे ही खबरें आ रही हैं।

कितनी सीटों पर कांग्रेस की नजर?

दरअसल, पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटें हैं। इस प्रदेश में टीएमसी की सरकार है। राज्य के 42 लोकसभा सीटों में से टीएमसी की ओर से कांग्रेस को 2 सीटें ऑफर की है। लेकिन कांग्रेस की नजर गठबंधन की स्थिति में कम से कम 6 सीटों पर है। सूत्रों की मानें तो, तृणमूल ने अपने प्रस्ताव के बारे में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व को जानकारी भी दे दी है।

क्या चाहती है बंगाल कांग्रेस?

वहीं इस पूरे मामले पर बंगाल कांग्रेस नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और अन्य केंद्रीय नेताओं से बातचीत की है। उन्होंने केंद्रीय नेतृत्व से कहा है कि अगर सम्मानजनक सीटें मिलती हैं तो वह गठबंधन के लिए तैयार होंगे। खबरों की मानें को बंगाल कांग्रेस के नेता पार्टी के लिए छह से आठ सीटें चाहते हैं। जिस पर वो आगामी लोकसभा चुनाव में अपने प्रत्याशी उतार सके।

बंगाल कांग्रेस के पास बस दो सीटें

कांग्रेस को दो सीट दिए जाने पर टीएमसी का तर्क है कि कांग्रेस ने 2019 की लोकसभा चुनाव में 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था लेकिन महज दो ही सीटों पर जीत दर्ज कर पाई थी। जबकि 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में उसे एक भी सीट नहीं मिली थी। हालांकि कांग्रेस के एक उम्मीदवार ने हाल ही में एक उपचुनाव में जीत दर्ज की थी, लेकिन बाद में वो भी तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गया। वहीं टीएमसी की इस सीट ऑफर पर कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि उसने अकेले लड़कर दो सीटें जीती हैं और इसे फिर से जीत सकती है।

Created On :   23 Dec 2023 9:36 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story