नफे सिंह हत्याकांड मामला: पूर्व विधायक नफे सिंह की हत्या पर CM केजरीवाल ने हरियाणा सरकार को घेरा, कानून व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

पूर्व विधायक नफे सिंह की हत्या पर CM केजरीवाल ने हरियाणा सरकार को घेरा, कानून व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
  • रविवार को नफे सिंह की कुछ अज्ञात हमलावरों ने की हत्या
  • घटना के दौरान हुई 40 से 50 राउंड फायरिंग
  • नफे सिंह के साथ एक अन्य व्यक्ति की भी हुई मौत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के स्टेट प्रेसिडेंट और पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की रविवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अब नफे सिंह हत्याकांड मामले में देश में सियासत तेज हो गई है। विपक्ष के नेता लगातार हरियाणा की कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। इस बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर खट्टर सरकार को घेरा।

केजरीवाल ने खट्टर सरकार को घेरा

सीएम केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, ''हरियाणा में सरेआम हुई गोलीबारी में इनेलो नेता नफे सिंह जी की मौत बेहद दुखद है। उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति मैं संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। बीजेपी ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। पुलिस को बदमाश पकड़ने के काम में लगाना था लेकिन बीजेपी ने हरियाणा की पुलिस को किसानों को रोकने के लिए बॉर्डर पर लगा रखा है।''

गौरतलब है कि बीते कई दिनों किसान पंजाब और हरियाणा के बॉर्डर पर डटे हुए हैं। किसान दिल्ली चलो मार्च को लेकर पंजाब और हरियाणा से दिल्ली पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री केजरीवाल का तंज इसी संदर्भ में था।

वहीं, इस मामले को लेकर हरियाणा में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सुशील गुप्ता ने कहा कि जब नफे सिंह पर गोली चली तब सीएम मनोहर लाल खट्टर झज्जर में ही थे, अगर मुख्यमंत्री के उसी जिले में मौजूदगी होने के बाद एक नेता पर गोली चलाई जा सकती है तो फिर आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा? इस घटना से आम आदमी असुरक्षित महसूस कर रहा है।

जानें पूरा मामला

पूर्व विधायक नफे सिंह गाड़ी से कही जा रहे थे, तभी उन पर कुछ अज्ञात हमलावारों ने फायरिंग की। इस दौरान नफे सिंह के अलावा तीन अन्य लोगों को भी गोली लगीं। जिसमें एक व्यक्ति की मौत मौके पर ही हो गई। बाकी दो अन्य लोगों को बहादुरगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बताया कि नफे सिंह के शरीर से काफी ज्यादा खून बहने के चलते उन्हें नहीं बचाया जा सका। इधर, हरियाणा पुलिस हमलावरों को पकड़ने में लगी हुई है।

Created On :   25 Feb 2024 6:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story