कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल!: सोनिया गांधी के नई दिल्ली स्थित आवास पर अहम बैठक, इन बिंदुओं पर विस्तार से मंथन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस संगठन में बड़े फेरबदल की जानकारी मिली है। इसके लिए गुरुवार को नई दिल्ली स्थित सोनिया गांधी के 10 जनपथ स्थित आवास पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे थे। इस दौरान राजनीति की मौजूदा हालत, संगठन में बदलाव और कांग्रेस को दोबारा जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने वाली रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसकी पुष्टि सूत्रों ने की है।
वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस की इस मीटिंग में राज्यस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पार्टी वरिष्ठ नेता जनार्दन द्विवेदी, मुकुल वासनिक, पवन बंसल, यामि याग्निक सहित कई पुराने नेता शामिल हुए थे। सूत्र बताते हैं कि गुरुवार को हुई बैठक औपचारिक नहीं, बल्कि आने वाले संगठनात्मक बदलावों के लिए काफी अहम थीं।
सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सोनिया गांधी ने देश की मौजूदा राजनीति पर वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तार से चर्चा की और उनसे फीडबैक लिया। साथ ही कांग्रेस को फिर से जमीन पर मजबूत करने के लिए गंभीर मंथन हुआ।
यह भी पढ़े -मालदा में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के मामले में कांग्रेस नेता सायेम चौधरी गिरफ्तार, एनआईए की कार्रवाई
मोदी सरकार के खिलाफ सुझाव
वो आगे बताते हैं कि इस मीटिंग के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को अलग-अलग राज्यों के राजनीतिक हालात और संगठन की मौजूदा स्थिति के बारे में रिपोर्ट दी। साथ ही केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रभावी ढंग से मैदान में उतरने के लिए भी सुझाव दिए गए हैं। उनका कहना है कि वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि पार्टी को संसद से लेकर पंचायत स्तर तक लगातार सक्रिय भूमिका में रहना होगा।
नेताओं का कहना है कि जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाना होगा। इसी से पार्टी को राजनीतिक धार फिर से मिल सकती है। कांग्रेस की इस मीटिंग से संकेत मिले हैं कि संगठन में फेरबदल कर अनुभवी नेताओं की भूमिका बढ़ सकती है। इससे पार्टी पुराने और युवा नेताओं के बीच संतुलन बनाए रखने में अहम जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। जिसके लिए जल्द ही नई समिति के गठन का फैसला लिया जा सकता है।
Created On :  
