राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अगले साल लोकसभा चुनाव में कहां से लड़ेंगे चुनाव? यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया खुलासा

राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अगले साल लोकसभा चुनाव में कहां से लड़ेंगे चुनाव? यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया खुलासा
यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया खुलासा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में कहां से चुनाव लड़ेंगी? इसे लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि अगले साल आम चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे। साथ ही, अगर पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ती हैं तो कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता उन्हें सदन में पहुंचाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोक देगा।

स्मृति रानी पर कसा तंज

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अजय राय अपने गृह जिले वाराणसी पहुंचे। इससे पहले उनका एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के चुनाव लड़े जाने पर जब पत्रकारों ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि वे अमेठी से ही चुनाव लडेंगे। स्मृति रानी पर हमलावर होते हुए अजय राय ने कहा कि वह 13 रुपए में चीनी दिलाने की बात कह रही थीं। कहां है 13 रुपए वाली चीनी? प्रियंका गांधी के वाराणसी से चुनाव लड़ने के सवाल पर अजय राय ने कहा कि अगर वह आती हैं तो एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी जान लड़ा देगा।

कहां है 13 रुपए की चीनी?

इस दौरान अजय राय ने खुद को राहुल गांधी का सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले साल डंके की चोट पर चुनाव जीतेगी। राहुल गांधी का संदेश देश के हर घर तक पहुंचाया जाएगा। उनकी केरल से कश्मीर तक की यात्रा सफल रही है। अमेठी से वह बिल्कुल चुनाव लड़ेंगे। आज यहां पर अमेठी के लोग भी मौजूद हैं। इसके बाद उन्होंने एक बार फिर स्मृति रानी पर तंज कसते हुए कहा कि वे कहती थीं कि कमल का बटन दबाइए आपको 13 रुपये में चीनी मिलेगी। आखिर कहां है 13 रुपए की चीनी। जरा बताइए।

कांग्रेस की रणनीति

गौरतलब है कि अमेठी से लगातार तीन बार चुनाव जीतने वाले राहुल गांधी यहां से 2019 के लोकसभा चुनाव में चौथी बार चुनाव के लिए अपना पर्चा भरा था। लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी नेता स्मृति रानी से हार का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उन्होंने केरल के वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ा था। यहां की जनता ने अपना आशीर्वाद देते हुए उन्हें संसद तक पहुंचाया।

अजय राय के इस दावे पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णन ने कहा कि यूपी की जनता और अमेठी के लोग चाहते हैं कि राहुल गांधी यहां से ही चुनाव लड़ें। ऐसे में अगर अजय राय यह दावा कर रहे हैं तो उनकी बात जरूर राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हुई होगी।

Created On :   18 Aug 2023 2:31 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story