मंदिर पूजा और प्रचार के जरिए कर्नाटक किंग की मध्यप्रदेश में ताजपोशी

मंदिर पूजा और प्रचार के जरिए कर्नाटक किंग की मध्यप्रदेश में ताजपोशी
  • कांग्रेस की चुनावी तैयारी
  • कर्नाटक की तर्ज पर मध्यप्रदेश में तैयारी
  • डीके शिवकुमार की एंट्री

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के मुख्य सूत्रधार बने डीके शिवकुमार ने बाबा महाकाल और मां पीताम्बरा के दरबार में पूजा अर्चना कर मध्य प्रदेश की राजनीति में एंट्री कर दी है।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने उज्जैन के महाकाल मंदिर में पूजा करने के बाद मीडिया से कहा कि कर्नाटक की जीत के बाद हमने संदेश दिया है कि कुछ भी असंभव नहीं है। डबल इंजन की सरकार राष्ट्रीय स्तर पर फेल हो चुकी है। मध्य प्रदेश में भी काफी समस्याएं हैं तो यहां के लोग भी बदलाव चाहते हैं। कमलनाथ, दिग्विजय सिंह और सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं और कर्नाटक से अधिक सीटें जीतेंगे।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने इंदौर में कहा कि कोई भी संगठन राज्य में हिंसा फैलाएगा उस पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। राज्य में किसी भी तरह की नैतिक पुलिसिंग नहीं होनी चाहिए और किसी के भी द्वारा लोगों के मन में भ्रम नहीं फैलाया जाना चाहिए। मध्य प्रदेश के लोगों ने बदलाव का फैसला किया है। उन्होंने डबल इंजन, 'ऑपरेशन लोटस' सरकार देखी। यह दोनों ही सरकारें विफल रही हैं। हमारी राज्य में बहुमत की सरकार आएगी।

मध्यप्रदेश में साल के अंतिम महीनों में विधानसभा चुनाव होने है, कर्नाटक चुनाव जीत कर अतिउत्साहित कांग्रेस की अब मध्यप्रदेश के चुनाव पर नजर है। नेता मंदिर पूजा के जरिए चुनावी प्रचार में जुट गए है। इस कड़ी में कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार रविवार सुबह महाकाल के दरबार में आशीर्वाद लेने उज्जैन पहुंचे। जहां डिप्टी सीएम शिवकुमार ने भस्म आरती में शामिल होकर गर्भगृह में बाबा महाकाल की पूजा अर्चना की। डिप्टी सीएम ने नंदी के कानों में अपनी मनोकामना भी कही। भस्मआरती के दौरान उनके साथ विधायक जीतू पटवारी, विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष रवि भदौरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल भी मौजूद थे।

कर्नाटक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार शनिवार को मां पीताम्बरा के दर्शन करने दतिया पहुंचे थे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कर्नाटक उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। यहां उन्होंने विशेष पूजा की और महाभारत कालीन वन खंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

खबरों के मुताबिक पूर्व सीएम कमलनाथ और कर्नाटक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार दोनों की जुगलबंदी मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रबंधन का काम संभालेंगी। बताया जा रहा है कि कांग्रेस कर्नाटक में मिली जीत का फॉर्मूला मध्य प्रदेश में भी अपनाने जा रही है।

प्रियंका का मध्य प्रदेश दौरा

मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ऊर्जा देने के मकसद से 12 जून को प्रियंका गांधी भी आ रही है। चुनावी अभियान की शुरुआत करने के लिए 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर आ रही है, जहां वे एक रोड शो करेगी साथ ही एक जनसभा को संबोधित करेगी।

Created On :   11 Jun 2023 4:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story