Delhi Politics: 'यह बेहद खेदजनक है कि जिस समय पंजाब...' दिल्ली बीजेपी चीफ ने केजरीवाल पर कसा तंज

- पंजाब सीएम भगवंत मान की बिगड़ी तबियत
- आप केवल राजनीतिक लाभ और फायदे का रखती है हिसाब
- सीएम रेखा गुप्ता ने मॉनसून की नहीं की तैयारी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मान कर चल रही है कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता के दुख-सुख के दूर-दूर तक नाता नहीं हैं। वे सिर्फ राजनीतिक लाभ और फायदे के हिसाब लगाते रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज एक बार फिर से उनकी संवेदनहीनता जनता के सामने आ गई हैं।
आप को दिल्ली की नहीं है चिंता
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष ने कहा, "इस समय पंजाब बाढ़ की मार झेल रहा है। चारों तरफ तबाही का माहौल है, वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अस्वस्थ हैं। ऐसे नाजुक वक्त में पंजाबियों को अपने भाग्य पर छोड़ कर केजरीवाल गुजरात में राजनीतिक दौरे पर निकले हुए हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "दिल्ली भी बाढ़ संकट से जूझ रही है। खासकर चांदनी चौक और ओखला विधानसभा क्षेत्रों में स्थिति अधिक गंभीर है, लेकिन इन क्षेत्रों से जुड़े आप विधायक और खुद अरविंद केजरीवाल किसी तरह की चिंता करते नजर नहीं आ रहे।"
बीजेपी नेता ने वीरेंद्र सचदेवा ने केजरीवाल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, "यह बेहद खेदजनक है कि जिस समय पंजाब को अपने नेताओं के सहयोग की सबसे ज्यादा जरूरत है, उस समय केजरीवाल अपने राजनीतिक धर्म को भूल कर अपने चिर-परिचित अंदाज में राजनीतिक भ्रमण में व्यस्त हैं।"
पूर्व सीएम ने बीजेपी पर लगाए ये आरोप
वहीं, आप ने बीजेपी और राज्य की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर भी हमला किया है। प्रदेश की पूर्व सीएम आतिशी ने सवाल उठाते हुए कहा, "रेखा गुप्ता जी आपने दिल्ली को बाढ़ से बचाने के लिए क्या किया? दिल्ली में जिस दिन भी बारिश आती है, पूरी दिल्ली झील में बदल जाती है, हर जगह जलभराव हो जाता है। रेखा गुप्ता जी, आपने दिल्ली को जलभराव और बाढ़ से बचाने के लिए क्या किया?"
आप नेता आतिशी ने कहा कि मानसून को देखते हुए सीएम रेखा गुप्ता और उनकी सरकार ने कोई भी तैयारी नहीं की थी। उन्होंने आगे कहा कि जब हमारी सरकार थी तो हम मानसून के 3 महीने पहले से ही साफ सफाई में लग जाते थे। इसके अलावा जिन इलाकों में पानी भर जाता था तो हम खुद खड़े होकर सफाई करवाते थे।
उन्होंने आगे कहा, "आज दिल्ली के कई इलाकों में पानी भरा हुआ है, बाढ़ आई हुई है, लेकिन बीजेपी सरकार के कोई भी मंत्री और विधायक लोगों का हाल लेने नहीं जा रहे हैं। सरकार ने जो राहत शिविर बनवाये भी हैं, उनका बुरा हाल है।"
Created On :   7 Sept 2025 9:35 PM IST