Bihar Assembly Election 2025: चुनाव से पहले पीएम मोदी पर बरसे तेजस्वी यादव, कहा- 'बुलेट ट्रेन बनवाते हैं गुजरात में, वोट मांगते हैं...'
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के चलते प्रदेश में लगातार रैलियां हो रही हैं। सभी नेताओं ने अपनी कमर कस ली है। साथ ही प्रचार-प्रसार भी तेजी से हो रहा है। इसी बीच बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और राघोपुर विधानसभा सीट से आरजेडी उम्मीदवार तेजस्वी यादव की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि, बिहार की जनता बदलाव के मूड में है और बिहार में अपराध भी तेजी से बढ़ रहा है। इसके बाद तेजस्वी यादव ने ये भी कहा है कि, बुलेट ट्रेन गुजरात में देते हैं और वोट मांगने बिहार में आ जाते हैं।
तेजस्वी यादव ने क्या कहा?
पीएम नरेंद्र मोदी बिहार के दौरे पर आए थे, जिसको लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि, कल प्रधानमंत्री यहां आए थे। हम प्रधानमंत्री से पूछना चाहते हैं कि आप पिछले 11 सालों से पीएम हैं, लेकिन आपने बिहार को क्या दिया? आप गुजरात में कारखाने लगाते हैं, लेकिन बिहार में जीत चाहते हैं। ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है। बिहार हर तरह से गुजरात से बड़ा है, देश का हर दसवां व्यक्ति बिहार से है, पीएम मोदी ने सिर्फ बिहार को धोखा देने का काम किया है। उन्होंने बिहार को कुछ भी नहीं दिया है। जितना उन्होंने गुजरात में जो भी दिया है, उसका एक प्रतिशत भी बिहार को नहीं मिला है। जनता हर चीज का जवाब मांग रही है लेकिन प्रधानमंत्री के पास कुछ भी कहने के लिए नहीं बचा है।
तेजस्वी यादव का दावा
तेजस्वी यादव ने कहा है कि, अमित शाह को अति पिछड़ा से क्या परेशानी है। हम लोग अतिपिछड़ा समाज के आदमी को उपमुख्यमंत्री बनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि, माहौल इस बार महागठबंधन के लिए है और हम इस बार महागठबंधन की सरकार बनाएंगे। इस बार महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। पीएम ने जो कल बात बोली थी, हर बात नकारात्मक और बिहार को बदनाम करने की बात कही थी। पीएम ने बिहार को दिया ही क्या है? हर चीज तो गुजरात को दे देते हैं।
Created On :   25 Oct 2025 3:05 PM IST













