निशाने पर कांग्रेस: 'उनकी वजह से देश की छवि खराब होगी', राहुल गांधी को लेकर ऐसा क्यों बोले किरेन रिजिजू? जानें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय संसदीय कार्य राज्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के कोलंबिया में दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रविवार (5 अक्टूबर) को मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने भारत के बारे में बुहत गलत बात बोली है। रिजिजू ने आगे कहा कि विदेश में हमारी बदनामी होगी। लोगों को लगेगा कि भारत में सब लोग राहुल गांधी जैसे हैं। आपको बता दें कि, कांग्रेस सांसद हाल ही में कोलंबिया गए थे, जहां उन्होंने भारत के बारे में कुछ ऐसे बयान दिए जिससे केंद्र सरकार उन पर हमलावर है।
रिजिजू का राहुल गांधी को जवाब
राहुल गांधी के बायन पर किरेन रिजिजू ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने सुना कि राहुल गांधी ने कोलंबिया में क्या कहा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का नेतृत्व नहीं कर सकता। उन्होंने बहुत गलत बात कही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत कई क्षेत्रों में प्रगति कर रहा है। समस्या यह है कि विदेश में लोग सोच सकते हैं कि भारत में हर कोई राहुल गांधी जैसा है और इससे देश की छवि खराब होगी। यह सही नहीं है। पार्टी ने भी प्रतिक्रिया दी है कि राहुल गांधी ने जो कहा वह सही नहीं है।
युवा पीढ़ी ने उन्हें सत्ता से किया बेदखल- रिजिजू
राहुल गांधी द्वारा भारत की जेन Z पर की गई टिप्पणी पर भी रिजिजू ने रिएक्ट किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जेन Z के बारे में बोलना शोभा नहीं देता। युवा पीढ़ी ने उन्हें सत्ता से बेदखल कर दिया है। जेनरेशन Z यानी नई पीढ़ी की नई सोच - यह प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है। भारत की जेन Z एक पार्टी, एक परिवार के हाथों में देश की बागडोर के खिलाफ है। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ है। जेनरेशन Z का गुस्सा उन लोगों के खिलाफ है जो काबिल नहीं हैं, लेकिन सरकार चलाना चाहते हैं, उस परिवार के खिलाफ है जिसने पार्टी पर कब्जा कर रखा है। जेनरेशन Z कांग्रेस के खिलाफ है।
Created On :   5 Oct 2025 5:00 PM IST