Tamil Nadu News: शराब बिक्री पर थलापति सरकार सख्त, सीएम बनते ही विजय ने लिया बड़ा फैसला

शराब बिक्री पर थलापति सरकार सख्त, सीएम बनते ही विजय ने लिया बड़ा फैसला
तमिलनाडु सरकार ने स्कूल, मंदिर और बस स्टैंड के पास चल रही 717 सरकारी शराब दुकानों को बंद करने का फैसला लिया है।

डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री थलापति विजय ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने राज्य में धार्मिक स्थलों, स्कूल-कॉलेज और बस अड्डों के 500 मीटर के अंदर चल रही 717 TASMAC शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया है। सरकार ने कहा है कि अगले दो हफ्तों में इस फैसले को पूरी तरह लागू किया जाए। लंबे समय से लोग इन दुकानों को हटाने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि बच्चों और आम जनता पर इसका गलत असर पड़ता है। तमिलनाडु में शराब की दुकानों से सरकार को हर साल बड़ी कमाई होती है, इसलिए पहले की सरकारें इस पर बड़ा कदम नहीं उठा पाई थीं।

लोगों की पुरानी मांग

तमिलनाडु में काफी समय से लोग स्कूल, कॉलेज और मंदिरों के पास शराब की दुकानें बंद करने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि इससे माहौल खराब होता है और युवाओं पर गलत असर पड़ता है।

सरकार को होता है बड़ा फायदा

राज्य में 5000 से ज्यादा सरकारी शराब की दुकानें हैं। इन दुकानों से सरकार को हर साल करीब 40 हजार करोड़ रुपये की कमाई होती है। इसी वजह से पहले की सरकारें बड़ा फैसला लेने से बचती रहीं।

पहले भी बंद हुई थीं दुकानें

साल 2023 में एमके स्टालिन सरकार ने जहरीली शराब से मौतों के बाद करीब 500 शराब दुकानों को बंद किया था। अब नई सरकार ने फिर बड़ा कदम उठाया है।

Created On :   12 May 2026 9:02 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story