West Bengal Politics: अपनी हार के लिए खुद ममता जिम्मेदार, पूर्व सीएम ने दीदी पर ही फोड़ा ठीकरा, बताया बीजेपी की जीत में कैसे बनीं मददगार?

डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के गठन के बावजूद पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी टीएमसी की हार के पीछे वोटिंग में धांधली का कारण बता रही हैं। इसके लिए उन्होंने विपक्षी एकता की अपील भी की है। इस बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने ममता बनर्जी की अपील पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सबकुछ हाथ से निकलने के बाद आप जाग रही हैं। बीजेपी को कोलकाता ले जाने वाली आप ही हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो भूपेश बघेल का मानना है कि ममता बनर्जी को बीजेपी समेत अन्य विरोधी ताकतों की अहमियत का एहसास तब हुआ जब उनकी पार्टी की करारी हार का सामना करना पड़ा।
भूपेश बघेल ने ममता बनर्जी को हार के लिए ठहराया जिम्मेदार
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने कहा, "उन्हें ये बात बहुत जल्दी समझ में आ गई। बीजेपी तो वहां थी ही नहीं। बीजेपी को बंगाल में कोलकाता ले जाने का काम तो आप ने किया। आज जब सबकुछ हाथ से चला गया है तो आप जाग रही हैं।"
पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने पूरे देश में बीजेपी को रोकने के लिए सामान्य विचारधारा की पार्टियों को एकजुट होने की अपील की। ममता बनर्जी ने 9 मई को कहा, "राज्य में हर जगह चुनाव के बाद हिंसा की गूंज सुनाई दे रही है। मैं सभी BJP विरोधी ताकतों, सभी छात्र और युवा संगठनों, और सभी गैर-सरकारी संगठनों से एकजुट होने का आह्वान करती हूं। हम बीजेपी के खिलाफ एक संयुक्त मोर्चा बनाना चाहते हैं।"
यह भी पढ़े -कर्नाटक एमएम हिल्स मंदिर में तेंदुए के हमलों पर आर. अशोक बोले, यह सरकार की प्रशासनिक विफलता
बंगाल में बीजेपी की राह आसान करने के लगाया आरोप
इस मौके पर उन्होंने ये भी साफ किया कि यहां तक कि उनकी कभी कट्टर राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी रही CPI(M) के नेतृत्व वाला वाम मोर्चा का भी बीजेपी के खिलाफ पश्चिम बंगाल में बनने वाले इस संयुक्त मोर्चे में स्वागत योग्य हैं।
मालूम हो कि, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में करारी हार के साथ टीएमसी के 15 साल के शासन का अंत हुआ है। राज्य की 294 सीटों में से टीएमसी केवल 80 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई है। जबकि, बीजेपी ने 207 सीटें जीतकर विधानसभा में दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल किया।
Created On :   11 May 2026 8:46 PM IST





