MVA, इंडी अलायंस से दूरी!: MNS के साथ उद्धव की पार्टी लड़ेगी महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव! संजय राउत ने कहा - जनता की यही मांग
- महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनाव नजदीक
- MNS के साथ उद्धव की पार्टी लड़ेगी चुनाव
- संजय राउत ने साफ किया पार्टी का रुख
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में निकाय चुनाव नजदीक है। इसे लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारी तेज कर दी है। हालांकि, इससे पहले सूबे में विपक्ष दलों के महाविकास अघाड़ी में शामिल शिवसेना (यूबीटी) कांग्रेस को बड़ा झटका दे सकती है। दरअसल, हाल ही में उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने बयान दिया है। जिसमें उन्होंने इंडिया गठबंधन और महाविकास अघाड़ी को लेकर अपनी पार्टी का रुख साफ कर दिया है। राउत ने कहा है कि लोगों का दबाव है कि MNS और शिवसेना एक साथ चुनाव लड़े। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए बना था और महाविकास अघाड़ी (एमवीए) विधानसभा चुनाव के लिए बना था। स्थानीय चुनाव में इसकी जरूरत नहीं है।
नगर निकाय चुनाव लड़ने पर बोले संजय राउत
राउत ने आगे कहा, "लोगों का मानना है कि महाराष्ट्र के विकास और मराठी माणुस सम्मान के लिए दोनों ठाकरे को साथ आकर चुनाव लड़ना चाहिए।" वहीं, संजय राउत के बयान पर महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि मुझे कोई टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। मैं संजय राउत पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान, पटोले ने कहा था, "मैंने कई बार कहा है कि स्थानीय निकाय चुनाव स्थानीय कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं को विश्वास में लेकर लड़े जाते हैं। इसलिए इन चुनावों को इस तरह नहीं देखा जाना चाहिए।"
शिवसेना (यूबीटी) के रुख पर कांग्रेस ने दी प्रतिक्रिया
इससे पहले बुधवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चौहान ने नगर निकाय चुनाव लड़ने पर पार्टी का रुख साफ किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य नगर निकाय चुनावों में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला करती है, तो उन्हें आश्चर्य नहीं होगा।
मालूम हो कि 5 जुलाई को उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण पार्टी के चीफ राज ठाकरे ने हिंदी भाषा के मुद्दे पर 20 साल के बाद एकसाथ मंच साझा किया था। इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने राज ठाकरे की पार्टी के साथ नगर निकाय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।
इस दौरान मंच पर शरद पवार की पार्टी एनसीपी से उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले भी नजर आई थी। हालांकि कांग्रेस दूर रही। कांग्रेस राज ठाकरे के आक्रामक अंदाज के खिलाफ रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि कांग्रेस अब अकेले निकाय चुनाव में उतर सकती है। शिवसेना (यूबीटी), एनसीपी (एसपी) और कांग्रेस एमवीए और इंडिया गठबंधन में शामिल है।
Created On :   10 July 2025 2:55 PM IST