मध्यप्रदेश: नारी शक्ति वंदन पर विधानसभा में 27 अप्रैल को विशेष सत्र, अधिसूचना जारी

नारी शक्ति वंदन पर विधानसभा में 27 अप्रैल को विशेष सत्र, अधिसूचना जारी
मध्यप्रदेश में 27 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विशेष सत्र बुलाया गया है। एक दिन के लिए आहुत किए गए विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण के लिए चर्चा होगी

डिजिटल डेस्क,भोपाल। मध्यप्रदेश में 27 अप्रैल को नारी शक्ति वंदन पर विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। विशेष सत्र में नारी शक्ति वंदन से जुड़े मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा की जाएगी। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना में संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड 1 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए विधानसभा का सत्र सोमवार 27 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे से आहुत किया गया है। मध्यप्रदेश विधानसभा की ओर से 16 वीं मध्यप्रदेश विधानसभा के दसवें सत्र के लिए सदस्यों को सूचित किया है। सत्र एक दिन के लिए बुलाया गया है, जिसमें नारी शक्ति वंदन -महिलाओं के सर्वांगीण विकास एवं सशक्तिकरण के लिए चर्चा की जाएगी। विधानसभा की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक विधानसभा की बैठक का समय सुबह 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक उसके बाद दोपहर तीन बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक होगा।

मध्यप्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र 27 अप्रैल को बुलाया गया है। विधानसभा सचिवालय की ओर से इसे लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस विशेष सत्र में ‘नारी शक्ति वंदन’ से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। आपको बता दें केंद्र सरकार महिला आरक्षण बिल से जुड़े 131वें संविधान संशोधन बिल को संसद के निम्न सदन से पास नहीं करा पाई। इसे लेकर सरकार विपक्षी दलों खासतौर पर कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा पर निशाना साध रही है।

आपको बता दें बीते दिन सोमवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी की ओर से नारी शक्ति वंदन के समर्थन में आक्रोश रैली और जनसभा आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के कई जिलों से हजारों की तादाद में महिलाएं इकट्ठी हुई थी। इस कार्यक्रम के जरिए बीजेपी ने लोकसभा में महिला आरक्षण गिरने को लेकर विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। साथ ही महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में बीजेपी महिला नेताओं के साथ कई पार्टी नेताओं ने बात रखी।

इससे पहले CM डॉ मोहन यादव ने रविवार को बीजेपी प्रदेश ऑफिस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नारी शक्ति से जुड़े अहम मुद्दों पर विधानसभा के विशेष सत्र बुलाने की बात कही थी। अब एक दिन के विशेष सत्र में इन मुद्दों पर सदन के भीतर विस्तृत चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने रविवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम यानी महिला आरक्षण बिल को लेकर कहा कि लोकतंत्र एक निर्णायक दौर से गुजर रहा है और तीन दिवसीय संसद के विशेष सत्र में लोकसभा में हुए घटनाक्रम को बेहद निंदनीय और कष्टकारी बताया।

Created On :   21 April 2026 4:15 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story