बिहार पॉलिटिक्स: नीतीश कुमार को कंप्रोमाइज्ड बताने पर भड़की JDU, महिला आरक्षण के बहाने डिप्टी CM ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नीतीश कुमार को कंप्रोमाइज्ड बताने वाला बयान बिहार के सियासी गलियारों तक पहुंच गया। दरअसल, तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली में राहुल गांधी ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर बयान दिया था। उन्होंने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटने के लिए कंप्रोमाइज्ड बताया था। राहुल गांधी ने कहा कि नीतीश कुमार ने बीजेपी के प्रेशर में आकर मुख्यमंत्री पद छोड़ा है। कांग्रेस नेता के इन आरोपों की आंच बिहार के सियासी गलियारों तक पहुंच गई है। जेडीयू ने राहुल गांधी के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है।
यह भी पढ़े -सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में लेखिका मधु किश्वर के खिलाफ मामला दर्ज
राहुल गांधी पर भड़की जेडीयू
बिहार के उप-मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी जी क्या बोलते हैं और उसका क्या मतलब होता है आज तक देश समझ नहीं पाया। जिस आदमी को महिला आरक्षण से इतनी नफरत हो… जो आदमी सरकार और राष्ट्र, इसका फर्क नहीं समझता हो, जिस आदमी को गंभीरता से राजनीति करने की आदत ही नहीं रही, ना संसद भवन के अंदर की जो मर्यादा जानता हो, उसकी बातों को किसी को गंभीरता से लेना ही नहीं चाहिए।"
जेडीयू के दिग्गज नेता और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने साफ किया कि इस तरह के व्यक्ति के भाषण को ज्यादा अहमियत नहीं देनी चाहिए।
यह भी पढ़े -त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने चुनाव के बाद हुई हिंसा पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए, प्रभावितों के लिए राहत की घोषणा
तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
उधर, राहुल गांधी के इस बयान पर जनशक्ति जनता दल के चीफ तेज प्रताप यादव ने निशाना साधा है। उन्होंने कांग्रेस नेता के बीजेपी के दबाव और कंप्रोमाइज्ड जैसे बयानों पर कटाक्ष किया है। तेज प्रताप यादव ने कहा है कि राहुल गांधी इन्हीं सब चीजों में फंसे रहेंगे। जो वो कुकिंग कर रहे थे, मीट-मुर्गा बना रहे थे वही करते रहें।
इतना ही नहीं, बल्कि तेज प्रताप यादव ने एक और बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस को प्रियंका गांधी ही चला सकती है। तेज प्रताप यादव ने प्रियंका गांधी को इंदिरा गांधी के समान बताया है। वहीं, राहुल गांधी पर उन्होंने कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी के बस में पार्टी नहीं चल पाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रा कर लेने से, बुलेट पर बैठ जाने से, एक-दूसरे पर आरोप लगा देने से, वे नीतीश कुमार को बोल रहे हैं तो वो गए तो दूसरा आदमी सीएम बना। इनको (राहुल गांधी) क्यों लालच है? इनको बिहार की गद्दी पर बैठना है?
Created On :   21 April 2026 5:31 PM IST












