26.50 लाख वोटर्स डालेंगे वोट, 2 नवंबर को होगी मतगणना

26.50 लाख वोटर्स डालेंगे वोट,  2 नवंबर को होगी मतगणना
 30 अक्टूबर शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान 26.50 लाख वोटर्स डालेंगे वोट, 2 नवंबर को होगी मतगणना

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा की एक और विधानसभा की तीन सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए प्रचार बुधवार शाम को थम गया। चारों सीटों पर हो रहे उपचुनाव में कुल 55 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है।

बता दें कि खण्डवा लोकसभा सीट और निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर, आलीराजपुर की जोबट और सतना जिले की रैगांव विधानसभा सीट पर उपचुनाव है। चारों सीटों पर 30 अक्टूबर शनिवार को सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू होगी। 2 नवंबर को मतगणना होगी।

मध्य प्रदेश में 1 लोकसभा और 3 विधानसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर बुधवार को चुनाव आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सभी सीटों पर बुधवार शाम चुनाव प्रचार रूक गया है। मध्यप्रदेश चुनाव आयोग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कुमार कौल ने पीसी में कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। चारों सीटों पर शनिवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।

                                                                                                                                                                     

वोटिंग के लिए विस्तृत तैयारी
चारों सीटों पर कुल 2650004 वोटर्स हैं। चुनाव आयोग ने 3944 मतदान केन्द्र बनाए है। जिन पर मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। 865 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया हैं। 
प्रचार खत्म होने के बाद बाहरी व्यक्ति को निर्वाचन क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। अगले 72 घंटे सोशल मीडिया पर चुनाव आयोग नजर रखेगा। आयोग के मुताबिक सबसे ज्यादा खंडवा लोकसभा सीट पर 2908 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। यहां 16 से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। 804 संवदेनशील बूथ बनाए गए हैं। इन पर माइक्रो ऑब्जर्वर रहेंगे। मतदान केन्द्रों की सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। कुल 26 हजार 800 कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। इसमें 53 कंपनियों के 16 हजार पुलिस बल लगा है। आयोग की तरफ से बताया किया कि उप निर्वाचन क्षेत्र में अब तक 6.88 करोड़ रुपए का सामान और नगदी जब्त की गई। इसमें 4.16 करोड़ रुपए नकद, 1.82 करोड़ रुपए कीमत के शराब एवं अन्य मादक पदार्थ जब्त किया गया।

आयोग को मिली सैकड़ों शिकायत 

आयोग की तरफ से बताया कि राजनीतिक पार्टियों की ओर से 110 शिकायत मिली हैं। इसमें तीन साल से ज्यादा से समय से तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को हटाया गया है।

2 पर कांग्रेस,2 पर बीजेपी का कब्जा
चार सीट पर हो रहे उपचुनाव में से खंडवा लोकसभा सीट और रैगांव सीट पर भाजपा का कब्जा था। जोबट और पृथ्वीपुर विधानसभा सीट कांग्रेस के पास थीं। अलीराजपुर की जोबट एसटी और सतना जिले की रैगांव सीट एससी के लिए आरक्षित है। 

प्रचार के अंतिम दिन मैदान में दिखे दिग्गज
चुनाव प्रचार थमने तक बीजेपी और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने तूफानी चुनाव प्रचार किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल और ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में वोट मांगे। वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, राज्यसभा सांसद पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करते हुए वोट मांगे।
 

Created On :   28 Oct 2021 4:59 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story