POLITICS: पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को बीजेपी ने दिया एमएलसी का टिकट, यूपी की सूची जारी

BJP gives MLC ticket to former Union Minister Shahnawaz Hussain
POLITICS: पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को बीजेपी ने दिया एमएलसी का टिकट, यूपी की सूची जारी
POLITICS: पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को बीजेपी ने दिया एमएलसी का टिकट, यूपी की सूची जारी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन को बिहार से अपना विधान परिषद (MLC) प्रत्याशी बनाने की घोषणा की है। संकेत मिल रहे हैं कि पार्टी शाहनवाज हुसैन को बिहार से एमएलसी बनाकर उनके अनुभवों का राज्य की राजनीति में इस्तेमाल करने की कोशिश में है। इसके साथ ही पार्टी ने हुसैन को बिहार में दो विधान परिषद सीटों पर उपचुनाव के लिए भी जिम्मेदारी सौंपी है। इसके अलावा भाजपा ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की 6 और बिहार की एक MLC सदस्य सीट के उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

भाजपा की ओर से शनिवार को जारी आधिकारिक सूची के मुताबिक उत्तर प्रदेश से कुंवर मानवेंद्र सिंह, गोविंद नारायण शुक्ला, सलिल बिश्नोई, अश्वनी त्यागी, डॉ. धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी को टिकट मिला है। इस प्रकार भाजपा ने उत्तर प्रदेश की 6 सीटों के लिए उम्मीदवार तय किए हैं। जबकि बिहार में एक सीट के विधान परिषद उपचुनाव के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन को मैदान में उतारा है। राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बताया कि भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश और बिहार में होने जा रहे विधान परिषद चुनाव के लिए नामों पर मंजूरी दी है।

18 तक नामांकन, 28 जनवरी को मतदान
बता दें कि राज्य की 12 विधान परिषद सीटों के लिए 28 जनवरी को मतदान होना है और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 18 जनवरी है। जिन 12 सीटों पर चुनाव होने हैं उसके मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 30 जनवरी को पूरा हो रहा है। इसके पहले शुक्रवार को पार्टी ने चार उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। इस सूची में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य और पूर्व नौकरशाह अरविंद कुमार शर्मा का नाम घोषित किया गया था।

अधिकतम 10 सीटें जीत सकती है भाजपा
संख्या के बल के आधार पर भारतीय जनता पार्टी विधान परिषद की अधिकतम दस सीटें जीत सकती हैं और दो चरणों में भाजपा ने अपने दस उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। समाजवादी पार्टी ने दो सीटों के लिए नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। बहुजन समाज पार्टी के नेताओं का कहना है कि बहन जी (मायावती) ही इस मामले में फैसला करेंगी। कांग्रेस ने इस चुनाव में कोई प्रत्याशी न उतारने का निर्णय किया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पहले ही कह चुके हैं कि कांग्रेस इस चुनाव में कोई उम्मीदवार नहीं उतारेगी।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की 403 सदस्यों वाली विधान सभा में मौजूदा समय में 402 सदस्य हैं जिनमें भारतीय जनता पार्टी के 310, समाजवादी पार्टी के 49, बहुजन समाज पार्टी के 18, अपना दल (सोनेलाल) के नौ, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सात, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार, निर्दलीय तीन, राष्ट्रीय लोकदल के एक, निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल (निषाद) के एक सदस्य हैं। भाजपा के साथ अपना दल (सोनेलाल) का गठबंधन है। 

 

Created On :   16 Jan 2021 2:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story