साल 2022 में सात राज्यों के हुए विधानसभा चुनावी नतीजों में बीजेपी की बदली किस्मत, आप का खुला खाता, कांग्रेस के लिए साल रहा संतोष भरा

साल 2022 में सात राज्यों के हुए विधानसभा चुनावी नतीजों में  बीजेपी की बदली किस्मत, आप का खुला खाता, कांग्रेस के लिए साल रहा संतोष भरा
अलविदा 2022 साल 2022 में सात राज्यों के हुए विधानसभा चुनावी नतीजों में बीजेपी की बदली किस्मत, आप का खुला खाता, कांग्रेस के लिए साल रहा संतोष भरा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। साल 2022 में सात राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न हुए, जिनमें देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तरप्रदेश भी शामिल है। सात राज्यों में उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब,गोवा, मणिपुर, गुजरात और हिमाचल प्रदेश शामिल है। उत्तरप्रदेश में 403,  पंजाब में 117, उत्तराखंड में 70, मणिपुर में 60 ,गोवा में 40,गुजरात में 182 और हिमाचल प्रदेश में 68  विधानसभा सीटें हैं। साल के शुरूआती महीनों में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों में बीजेपी का बेहतरीन प्रदर्शन रहा।  उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की सत्ता में वापसी के साथ बीजेपी ने कई रिकॉर्ड ध्वस्त किए, साथ ही भाजपा ने सत्ता विरोधी लहर के दावों को भी हवा हवाई साबित कर दिया। हालांति चुनाव में कई दिग्गजों को हार का भी सामना करना पड़ा, जिनमें उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बादल, यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शामिल हैं।

सात राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, गोवा, मणिपुर और गुजरात में सरकार बनाई। वहीं पंजाब में कांग्रेस को मात देकर आम आदमी पार्टी ने सियासी कुर्सी पर कब्जा किया। वहीं हिमाचल प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ, और बीजेपी को हराकर कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव के पूरे राजनीतिक समीकरण पर गौर फरमाया जाए तो ये साल बीजेपी के लिए अच्छा रहा। अब आगे एक-एककर  चुनावी राज्यों पर बात करते है।

गुजरात

182 विधानसभा सीट वाले गुजरात में बीजेपी ने 156 सीट जीतकर राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया है। गुजरात में कांग्रेस का बेहद बुरा हाल हुआ है। 2017 में हुए चुनाव की अपेक्षा कांग्रेस को अब की बार 60 सीटें कम आई। कांग्रेस 17 सीटों पर ढ़ेर हो गई। जबकि पहली बार गुजरात चुनाव में उतरी आम आदमी पार्टी ने पांच सीटें जीतकर अपने आप को राष्ट्रीय पार्टी में शामिल कर लिया। गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजे 8 दिसंबर को घोषित हुए थे।

हिमाचल प्रदेश 

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की 68 सीट है, कांग्रेस ने सत्ता की कुर्सी पर विराजमान बीजेपी को मात देकर 40 सीटें हासिल की, और कांग्रेस सियासी कुर्सी पाने में कामयाब हो सकी। हालांकि कांग्रेस की इस जीत को राजनीति विश्लेषक कांग्रेस की सफलता कम, पांच साल बाद राज्य में बदलने वाली सरकार की परंपरा के तौर पर ही देख रहे है। बीजेपी को इस बार के चुनावी नतीजों में 25 सीटों से ही संतुष्ट रहना पड़ा।

उत्तराखंड

70 विधानसभा सीटों वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 47 सीटों और कांग्रेस को 17 सीटों पर जीत मिली। पहाड़ी राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चुनाव हार गए थे। बाद में धामी ने उपचुनाव में जीत हासिल की थी। चुनावी परिणामों में बीजेपी ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का इतिहास रचा।  साल 2000 में अस्तित्व में आए उत्तराखंड के इतिहास में इससे पहले किसी भी पार्टी ने लगातार दो बार सरकार नहीं बनाई, लेकिन इस बार बीजेपी ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। इससे पहले उत्तराखंड में बीजेपी और कांग्रेस बारी-बारी से सत्ता में आती रही हैं। 

उत्तरप्रदेश

सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कुल सात चरणों में चुनाव संपन्न हुए थे। पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे 10 मार्च को आए थे। चुनावी हार-जीत के बीच उत्तर प्रदेश में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है, और लगातार दूसरी बार सत्ता बनाने का ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया। गौरतलब है कि यूपी और उत्तराखंड की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने इन चुनावों में भी प्रचंड जीत के साथ सत्ता में वापसी की है। यूपी में बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 403 में से 273 सीटें जीती,NDA को मिली कुल 273 सीटों में से BJP को 255,  AD(S) को 12, निषाद पार्टी को 6 सीटें मिली। वहीं सपा 111 सीटों पर जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी रही जबकि बसपा एक सीट पर और कांग्रेस दो सीटों पर सिमट गई।  

पंजाब
117 विधानसभा सीट वाले पंजाब राज्य में आप ने सियासी चौकस पर सभी दलों को चौंका दिया। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में 92 सीट जीतकर कांग्रेस को क्लीन स्वीप किया। आप ने पंजाब में अंगद के पैर जैसे जमे कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल जैसे पुराने और स्थापित दलों को उखाड़ फेंका। आप ने दोनों ही दलों को राजनीतिक रूप से हाशिये पर ला दिया है। आप संस्थापक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में दिल्ली मॉडल के आधार पर चुनाव लड़ा और जीता भी। 

मणिपुर

60 विधानसभा सीट वाले मणिपुर में बीजेपी ने 32 सीटें जीतकर लगातार दूसरी बार सरकार बनाई। मणिपुर में बीजेपी के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने दोबारा सीएम बने।

गोवा

40 विधानसभा सीट वाले गोवा में बीजेपी को 20 सीट मिली, बीजेपी वहां 20 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी।  सीएम सावंत ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के दो विधायकों के समर्थन से लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का दावा पेश किया है। उनके साथ तीन निर्दलीय विधायक भी हैं।

 

 

Created On :   15 Dec 2022 10:52 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story