विधानमंडल का मानसून सत्र आज से, विपक्षी नेताओं का सड़क पर हंगामा

UP assembly monsoon session to start from today
विधानमंडल का मानसून सत्र आज से, विपक्षी नेताओं का सड़क पर हंगामा
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र आज से, विपक्षी नेताओं का सड़क पर हंगामा
हाईलाइट
  • यूपी का विधानमंडल का मानसून सत्र आज से
  • विपक्षी नेताओं का सड़क पर हंगामा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी के विधानमंडल का मानसून सत्र आज शुरू हो रहा है। उसके पहले ही विपक्ष के नेताओं ने विधान भवन के बाहर सड़क पर प्रदर्शन किया। मंगलवार को पहले दिन शोक प्रस्ताव के बाद सदन स्थागित हो जाएगा। विधानमंडल के मानसून सत्र में आज पहले दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के विधायक तथा विधान परिषद सदस्य विधान भवन के बाहर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मानसून सत्र के पहले दिन महंगाई और बेरोजगारी का विरोध करते हुए सपा के विधायक बैलगाड़ी से विधानभवन पहुंचे। सपा विधायकों ने सरकार विरोधी नारे लगाए। एक हाथ में राष्ट्रध्वज और एक हाथ में सपा का झंडा लिए बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का विरोध कर रहे थे। सत्र के दौरान सपा के विधान परिषद सदस्यों ने पहले विधान भवन के सामने सड़क पर प्रदर्शन किया।

इसके बाद सपा के कुछ विधायक विधान भवन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद जो भी गेट बंद थे, वहां पर इनका प्रदर्शन शुरू हो गया। हाथ में प्ले कार्ड लेकर यह लोग सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। मंहगाई तथा महिला के खिलाफ बढ़ते अपराध को लेकर इनका आक्रोश काफी बढ़ा है। विधान परिषद सदस्य राजेंद्र चौधरी तथा राजपाल कश्यप के नेतृत्व में यह लोग सड़क पर जमे हैं। उधर कांग्रेस के एमएलसी दीपक सिंह रिक्षा चलाकर विधानभवन पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष लल्लू ने भी पट्टिका लटका रखी थी।

विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के बाद से अब तक एक राज्य मंत्री समेत भाजपा के छह विधायक दिवंगत हो चुके हैं। इनमें राजस्व राज्य मंत्री और चरथावल (मुजफ्फरनगर) के विधायक रहे विजय कश्यप, लखनऊ पश्चिम के विधायक सुरेश कुमार श्रीवास्तव, सलोन (रायबरेली) के विधायक दल बहादुर कोरी, नवाबगंज (बरेली) के विधायक केसर सिंह, औरैया के विधायक रमेश चंद्र दिवाकर की मृत्यु कोरोना संक्रमण के कारण हुई जबकि अमापुर (कासगंज) के विधायक रहे देवेंद्र प्रताप सिंह का निधन हार्ट अटैक से हुआ।

सर्वदलीय बैठक से पहले विधानसभा की कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई जिसमें विधानसभा के संशोधित कार्यक्रम पर मुहर लगी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 17 अगस्त को शोक प्रस्ताव प्रस्तुत करने के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी जाएगी। 18 अगस्त को दोपहर 12.30 बजे अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा। 19 अगस्त को अनुपूरक बजट पर चर्चा के बाद उसे पारित कराया जाएगा। 20 अगस्त को मुहर्रम का अवकाश रहेगा। 21 व 22 अगस्त को शनिवार, रविवार होने के कारण सदन की बैठक नहीं होगी। 23 और 24 अगस्त को विधायी कार्य होंगे।

 

IANS

Created On :   17 Aug 2021 7:00 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story